April 17, 2026

अश्विन का तूफानी रूप: गेंद से 3 विकेट, बैट से 83 रन ठोक जीत दिलाई डिंडीगुल को

तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2025 में एक मुकाबले में डिंडीगुल ड्रैगन्स के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने ऑलराउंड प्रदर्शन से धमाल मचा दिया। त्रिची ग्रैंड चोलास के खिलाफ मुकाबले में पहले गेंद से कहर बरपाया, फिर ओपनिंग करते हुए ताबड़तोड़ 83 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को 6 विकेट से जीत दिला दी। अश्विन की यह आक्रामक बल्लेबाजी क्रिकेट फैंस के लिए चौंकाने वाली रही, क्योंकि वह आमतौर पर अपनी गेंदबाजी के लिए ही जाने जाते हैं।

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए त्रिची ग्रैंड चोलास ने 140 रन बनाए। वसीम अहमद ने सर्वाधिक 36 रन बनाए, जबकि जफर जमाल ने 33 और सुरेश कुमार ने 23 रनों का योगदान दिया। डिंडीगुल की ओर से गेंदबाजी में अश्विन ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट झटके, वहीं वरुण चक्रवर्ती और जी पेरियास्वामी ने 2-2 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी डिंडीगुल की टीम के लिए कप्तान अश्विन ओपनिंग करने आए और शुरू से ही आक्रामक मूड में नजर आए। उन्होंने 48 गेंदों पर 11 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 83 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस धुआंधार बल्लेबाज़ी ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया। अश्विन के अलावा शिवम सिंह ने 16 और बाबा इंद्रजीत ने 27 रन बनाए। अंततः डिंडीगुल ड्रैगन्स ने आसानी से 6 विकेट से यह मुकाबला जीत लिया।

अश्विन का यह प्रदर्शन दिखाता है कि वह सिर्फ गेंद से नहीं, बल्ले से भी मैच जिताने की काबिलियत रखते हैं। इस मैच में उनका अवतार एक असली ऑलराउंडर के रूप में नजर आया, जिसने फैंस और विरोधियों को हैरान कर दिया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!