April 18, 2026

गुजरात की हार का सबसे बड़ा विलेन, डेब्यू करते ही टीम की कटा दी नाक

गुजरात टाइटंस को एक बार फिर से हार का सामना करना पड़ा है, और इस हार का सबसे बड़ा जिम्मेदार खिलाड़ी आईपीएल में डेब्यू करने वाले करीम जनत हैं। उन्होंने अपनी पहली ही गेंदबाजी में ऐसा प्रदर्शन किया, जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा। पहले ही ओवर में करीम ने 30 रन दे डाले, जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने चौकों और छक्कों की झड़ी लगा दी। यह हार टीम के लिए एक बड़ा झटका था, क्योंकि इस मैच में जीत हासिल कर गुजरात टाइटंस पहले स्थान पर पहुंच सकती थी, लेकिन करीम के खराब प्रदर्शन ने उसे हरा दिया।

गुजरात ने सोमवार को राजस्थान के खिलाफ अपने अफगानिस्तान के खिलाड़ी करीम जनत को डेब्यू कराया था। टीम के कप्तान शुभमन गिल को उम्मीद थी कि करीम डेब्यू मैच में अपना जादू चलाएंगे, लेकिन जब उन्हें गेंदबाजी के लिए बुलाया गया, तो स्थिति कुछ और ही थी। राजस्थान की टीम आक्रामक बल्लेबाजी कर रही थी और करीम से उम्मीद थी कि वह विकेट लेकर टीम को बैकफुट पर डालेंगे। लेकिन करीम ने पहले ही ओवर में अपनी गेंदबाजी से टीम की उम्मीदों को तोड़ दिया।

करीम ने 10वें ओवर में गेंदबाजी की, जब सामने थे वैभव सूर्यवंशी। पहले ही गेंद पर सूर्यवंशी ने छक्का जड़ा, फिर अगली गेंद पर चौका। तीसरी गेंद पर फिर से छक्का आया, चौथी और पांचवीं पर चौके लगे। ओवर की आखिरी गेंद पर भी छक्का पड़ा। इस ओवर में तीन छक्के और तीन चौके लग गए, और करीम के गेंदबाजी में सब कुछ बिखर गया। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने उन्हें दोबारा गेंदबाजी के लिए नहीं बुलाया।

गुजरात ने करीम जनत को 75 लाख रुपये में खरीदा था और रदरफोर्ट की जगह प्लेइंग इलेवन में उन्हें शामिल किया था। हालांकि, उनके डेब्यू मैच में ऐसा प्रदर्शन कोई भी उम्मीद नहीं कर रहा था। अब देखना होगा कि क्या अगले मैच में गुजरात टीम करीम को फिर से मौका देती है या उनकी कहानी यहीं पर खत्म हो जाती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!