दिल पर पत्थर रखकर निभाई शादी” – गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने तोड़ी चुप्पी, रिश्ते और संघर्षों पर किया बड़ा खुलासा
गोविंदा भले ही लंबे वक्त से फिल्मों से दूर हैं, लेकिन उनकी निजी जिंदगी अक्सर सुर्खियों में रहती है। कुछ समय पहले खबरें आई थीं कि गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के 38 साल पुराने रिश्ते में दरार आ गई है। हालांकि सुनीता ने कई बार इन अटकलों को सिरे से खारिज किया। अब एक ताज़ा इंटरव्यू में उन्होंने अपने पति के साथ रिश्ते, अफवाहों और एक स्टार की पत्नी होने के दर्द को बेहद बेबाक अंदाज में बयां किया है।
“अब भरोसा नहीं करती” – रिश्तों में आई दरार का इशारा?
हाल ही में डेक्कन टॉक्स विद आसिफ को दिए इंटरव्यू में सुनीता ने स्वीकार किया कि अपने पति के लिंक-अप्स और हीरोइनों के साथ समय बिताने की आदत को सहन करना आसान नहीं था। उन्होंने कहा, “38 साल हो गए हैं हमारी शादी को। ये लिंक-अप की बातें तब की हैं जब हम जवान थे। मैंने बहुत अफवाहें नहीं सुनीं और अगर सुनी भी तो मुझे फर्क नहीं पड़ा। मैं बहुत दृढ़ निश्चयी हूं।” जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने इतने सालों तक गोविंदा पर भरोसा किया, तो उन्होंने कहा, “मैं उन पर भरोसा किया करती थी, अब ऐसा नहीं कह सकती।”
“हीरो की बीवी होने के लिए दिल पर पत्थर रखना पड़ता है”
सुनीता ने बताया कि एक फिल्म स्टार से शादी करने का मतलब है अपने दर्द को छुपा कर जीना। उन्होंने कहा, “हीरो की बीवी होने के लिए दिल पर पत्थर रखना पड़ता है। वे अपना ज़्यादातर समय अपनी हीरोइनों के साथ बिताते हैं, पत्नियों के साथ नहीं। लेकिन मैं गोविंदा से दिल से प्यार करती हूं और हमेशा करती रहूंगी।”
फिर से फिल्मों में देखना चाहती हैं गोविंदा को
सुनीता ने यह भी जाहिर किया कि वो चाहती हैं गोविंदा एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आएं। हालांकि उन्होंने साफ किया कि अब उनकी हेल्थ पहले जैसी नहीं है और उन्हें खुद पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “एक पत्नी होने के नाते मैं आज भी उनकी फिल्मों का इंतजार करती हूं। मैं फैंस की चिंता समझ सकती हूं। गोविंदा को फिर से काम करना चाहिए, लेकिन सबसे पहले उन्हें अपनी सेहत पर ध्यान देना होगा और कम से कम 20 किलो वजन कम करना चाहिए।”
शादी की कहानी भी कम फिल्मी नहीं
बता दें कि गोविंदा और सुनीता ने 1987 में चुपचाप शादी की थी और 1988 में अपनी बेटी टीना के जन्म के बाद ही अपने रिश्ते का खुलासा किया था। उनके बेटे का नाम यशवर्धन आहूजा है, जो बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की तैयारी कर रहा है।
सुनीता के इस इंटरव्यू ने न सिर्फ उनके और गोविंदा के रिश्ते की जटिलता को उजागर किया है, बल्कि एक स्टार की पत्नी होने की असलियत को भी सामने रखा है – जहां प्यार है, पर भरोसा अब सवालों में है।
Share this content:
