Gold Rate Today: तीन दिन की तेजी के बाद टूटा सोने का भाव, 600 रुपये सस्ता हुआ गोल्ड
शुक्रवार को हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। लगातार तीन दिनों तक कीमतों में तेजी के बाद आज सोना 600 रुपये सस्ता होकर 99,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे एक दिन पहले गुरुवार को यह 99,620 रुपये पर बंद हुआ था। 99.5% शुद्धता वाला सोना भी 500 रुपये घटकर 98,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया।
बीते तीन दिनों (मंगलवार, बुधवार और गुरुवार) में सोने की कीमत में कुल मिलाकर 2150 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़त देखने को मिली थी।
चांदी की कीमतों में भी गिरावट
आज चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को यह 1000 रुपये टूटकर 1,04,800 रुपये प्रति किलो पर आ गई, जबकि गुरुवार को यह 1,05,800 रुपये पर बंद हुई थी।
क्यों आई सोने की कीमत में गिरावट?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी के अनुसार, अमेरिका से बेहतर आर्थिक आंकड़े सामने आने के बाद डॉलर और बॉन्ड यील्ड में मजबूती देखने को मिली, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव पड़ा। इसके चलते फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कमजोर हुई हैं, जिससे सोने की चमक कुछ कम हो गई है।
क्या आगे भी जारी रहेगा उतार-चढ़ाव?
अबंस फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता का कहना है कि आगामी अमेरिकी पीसीई (व्यक्तिगत उपभोग व्यय मूल्य) मुद्रास्फीति रिपोर्ट से पहले सोने की कीमतों में अस्थिरता बनी रह सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिलहाल सोना मामूली बढ़त के साथ 3,334.45 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है।
Share this content:
