बाजार में ‘महा-जश्न’: शेयर मार्केट, सोना-चांदी और रुपये में एक साथ जबरदस्त तेजी, निवेशकों की चांदी

सोमवार को देश के वित्तीय बाजारों में ऐसा नजारा देखने को मिला, जो आमतौर पर बहुत कम देखने को मिलता है। शेयर बाजार, सर्राफा बाजार और करेंसी मार्केट—तीनों में एक साथ मजबूती दर्ज की गई। कारोबारी सत्र की शुरुआत से ही सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार उछाल देखने को मिला, वहीं सोना-चांदी की कीमतें भी तेजी से चमकती नजर आईं। इसके साथ ही रुपये ने भी डॉलर के मुकाबले मजबूती दिखाई, जिससे निवेशकों का भरोसा और बढ़ गया। बाजार विशेषज्ञ इसे “मल्टी एसेट बुल रन” मान रहे हैं, जिसमें निवेशकों को एक साथ कई मोर्चों पर फायदा हुआ।

शेयर बाजार की बात करें तो भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की खबर ने निवेशकों के सेंटीमेंट को मजबूत किया। इसी का असर रहा कि बीएसई सेंसेक्स कारोबार के दौरान 84 हजार अंकों के स्तर को पार करता नजर आया। दिन के उच्चतम स्तर पर सेंसेक्स 734 अंकों से ज्यादा की तेजी के साथ 84,314 के आसपास पहुंच गया। निफ्टी भी पीछे नहीं रहा और 25,900 के स्तर के करीब पहुंच गया। बैंकिंग और हैवीवेट शेयरों में खरीदारी का माहौल बना रहा। खासतौर पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बेहतर तिमाही नतीजों के चलते उसके शेयरों में करीब 7 प्रतिशत की तेजी देखी गई। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, टाटा स्टील, एलएंडटी और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे शेयरों ने भी बाजार को मजबूती दी।

सर्राफा बाजार में भी निवेशकों के चेहरे खिले नजर आए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमतों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया। कारोबारी सत्र के दौरान सोना 3,000 रुपये से ज्यादा चढ़कर प्रति 10 ग्राम करीब 1.58 लाख रुपये के स्तर तक पहुंच गया। विशेषज्ञों के मुताबिक डॉलर इंडेक्स में कमजोरी और वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव, खासकर मिडिल ईस्ट में बढ़ी अनिश्चितता के चलते निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की ओर रुख कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों की गिरावट के बाद गोल्ड में वैल्यू बाइंग भी देखने को मिली, जिससे कीमतों को और सहारा मिला।

सोने के साथ-साथ चांदी ने भी निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया। चांदी की कीमतों में सोने से भी ज्यादा तेजी दर्ज की गई। एमसीएक्स पर चांदी करीब 15,000 रुपये प्रति किलो तक उछलकर 2.64 लाख रुपये के आसपास पहुंच गई। बीते कारोबारी सत्र में जहां चांदी 2.50 लाख रुपये से नीचे बंद हुई थी, वहीं सोमवार को इसमें आई मजबूती ने निवेशकों को चौंका दिया। औद्योगिक मांग और वैश्विक संकेतों को चांदी की तेजी का बड़ा कारण माना जा रहा है।

करेंसी मार्केट में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला। भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 21 पैसे मजबूत होकर 90.44 के स्तर तक पहुंच गया। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की रूपरेखा, घरेलू शेयर बाजार की मजबूती और डॉलर इंडेक्स में गिरावट ने रुपये को सपोर्ट दिया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, रुपये ने कमजोर शुरुआत के बाद तेजी से रिकवरी की और दिनभर मजबूत दायरे में बना रहा। कुल मिलाकर सोमवार का दिन निवेशकों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा, जहां शेयर, सोना-चांदी और रुपया—तीनों ने मिलकर “महा-जश्न” का माहौल बना दिया।

Share this content:

About The Author

You may have missed