April 17, 2026

Vastu Tips for Money Plant: गलत दिशा में रखा मनी प्लांट रोक सकता है तरक्की, जानें सही दिशा और जरूरी नियम

घर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ पौधों को वास्तु शास्त्र में सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत माना जाता है। खासतौर पर मनी प्लांट को धन, समृद्धि और आर्थिक स्थिरता का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि अगर मनी प्लांट हरा-भरा रहता है और सही दिशा में लगाया जाता है, तो घर में पैसों की आवक बनी रहती है। लेकिन वास्तु के अनुसार अगर यही पौधा गलत दिशा में रखा जाए, तो इसका असर उल्टा भी पड़ सकता है और तरक्की में रुकावट आने लगती है।

वास्तु शास्त्र के मुताबिक मनी प्लांट को दक्षिण दिशा में रखना अशुभ माना गया है। यह दिशा मंगल ग्रह और यम से जुड़ी मानी जाती है। इस दिशा में मनी प्लांट रखने से घर की सकारात्मक ऊर्जा कमजोर होती है और आर्थिक अस्थिरता बढ़ सकती है। कई बार बिना कारण खर्च बढ़ना, कमाई में रुकावट और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं।

इसी तरह दक्षिण-पश्चिम दिशा में मनी प्लांट लगाना भी नुकसानदायक माना जाता है। यह दिशा स्थिरता और निर्णय क्षमता से जुड़ी होती है। यहां मनी प्लांट रखने से घर के सदस्यों की प्रगति रुक सकती है, बने-बनाए काम बिगड़ सकते हैं और नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ने लगता है। वास्तु विशेषज्ञों का मानना है कि इस दिशा में रखा पौधा करियर और व्यापार दोनों पर बुरा असर डाल सकता है।

अगर आप चाहते हैं कि मनी प्लांट आपके घर में सच में सुख-समृद्धि लेकर आए, तो इसे दक्षिण-पूर्व दिशा में रखना सबसे शुभ माना गया है। इस दिशा को अग्नि कोण कहा जाता है और इसका संबंध भगवान गणेश से माना जाता है, जो विघ्नहर्ता और समृद्धि के प्रतीक हैं। साथ ही इस दिशा का प्रतिनिधित्व शुक्र ग्रह करता है, जो धन, ऐश्वर्य और सुख का कारक है। यहां मनी प्लांट रखने से आर्थिक स्थिति मजबूत होने की मान्यता है।

मनी प्लांट से जुड़े कुछ और वास्तु नियमों का पालन भी जरूरी है। इसकी बेल को हमेशा ऊपर की ओर बढ़ने दें, जमीन पर फैलने न दें। सूखी या पीली पत्तियों को तुरंत हटा दें, क्योंकि सूखा पौधा दुर्भाग्य का संकेत माना जाता है। साथ ही मनी प्लांट को घर के अंदर रखें, बाहर या तेज धूप में लगाना वास्तु के अनुसार शुभ नहीं माना जाता।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!