गाजा में इजराइल–हमास संघर्ष पर लागू हुए सीजफायर के कुछ हफ्तों बाद जर्मनी ने इजराइल को सैन्य उपकरणों के निर्यात पर लगी रोक हटाने का बड़ा फैसला लिया है। जर्मन सरकार ने पुष्टि की कि 24 नवंबर से यह पाबंदी समाप्त कर दी जाएगी। इजराइल ने इस कदम का स्वागत किया है, क्योंकि जर्मनी उसका दूसरा सबसे बड़ा हथियार आपूर्तिकर्ता है—खासकर नौसैनिक उपकरणों का।
अगस्त में जर्मनी ने यह प्रतिबंध तब लगाया था, जब गाजा युद्ध के दौरान इजराइली कैबिनेट ने गाजा सिटी पर नियंत्रण बढ़ाने का फैसला लिया था। उस समय चांसलर फ्रेडरिक मेर्ज ने कहा था कि जब तक स्थिति स्पष्ट न हो, तब तक ऐसा कोई भी सैन्य उपकरण नहीं भेजा जाएगा जो गाजा में इस्तेमाल हो सकता है। लेकिन अब संघर्ष विराम जारी रहने और हालात स्थिर होने के बाद निर्यात अनुमति फिर बहाल की जा रही है। जर्मन प्रवक्ता सेबस्टियन हिले ने बताया कि आगे सैन्य निर्यात की जांच हर मामले के आधार पर की जाएगी।
जर्मनी के फैसले का इजरायल ने तुरंत स्वागत किया। इजराइली विदेश मंत्री गिडियॉन सार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अन्य देशों को भी जर्मनी की तरह सहयोग बढ़ाना चाहिए। रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल अपने कुल सैन्य आयात का लगभग 70% अमेरिका से और 30% जर्मनी से खरीदता है। 2019–2023 के बीच जर्मनी ने इजराइल को Saar-6 क्लास फ्रिगेट जैसे नौसैनिक हथियार मुहैया कराए थे, जिनका उपयोग गाजा ऑपरेशंस में भी हुआ था।
Share this content:
