May 3, 2026

फर्रुखाबाद: बारात में नोटों की बारिश से मचा हंगामा, सड़क पर लगा लंबा जाम

फर्रुखाबाद जिले के कादरी गेट थाना क्षेत्र में एक बारात उस समय चर्चा का विषय बन गई जब बारातियों ने बीच सड़क पर खड़े होकर नोटों की बारिश शुरू कर दी। यह अनोखा नजारा आवास विकास स्थित डायमंड पैलेस गेस्ट हाउस के बाहर देखने को मिला, जहां बारात में शामिल कुछ युवक जिप्सी की छत पर चढ़कर सैकड़ों नोट हवा में उड़ाने लगे।

नोट उड़ते देख सड़क पर चल रहे राहगीरों और बच्चों में भी होड़ मच गई। लोग तेजी से इधर-उधर भागते हुए नोट बटोरने लगे। देखते ही देखते सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इस दौरान बारातियों की हुड़दंगबाजी से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ युवक खुशी में नोट लुटा रहे हैं जबकि नीचे लोग उन्हें बटोरने में जुटे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी हरकतों से यातायात बाधित होता है और हादसे की आशंका बढ़ जाती है।

पुलिस ने बताया कि मामला कादरी गेट थाना क्षेत्र का है और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के बाद बारातियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!