May 3, 2026

अहमदाबाद: पत्नी के घर में कुत्ते लाने से परेशान पति ने मांगा तलाक, कहा– तनाव से शारीरिक क्षमताएं कमजोर पड़ गईं

गुजरात के अहमदाबाद से एक अजीबोगरीब तलाक का मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर क्रूरता का आरोप लगाते हुए तलाक की मांग की है। पति का कहना है कि पत्नी आवारा कुत्ते घर लाती थी और उनसे उनकी देखभाल करवाती थी। इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर एक शरारती फोन कॉल करवाकर पति को ऑफिस में शर्मिंदा किया। फैमिली कोर्ट ने पति की याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद अब उसने गुजरात हाईकोर्ट में अपील की है।

पति ने अदालत में दावा किया कि उसकी पत्नी न केवल घर में कुत्ते लाती थी बल्कि उनसे खाना बनवाने और सफाई करवाने को कहती थी। यहां तक कि एक बार जब उसने कुत्ते को बिस्तर पर सोने से रोका, तो उसे काट लिया। पति के मुताबिक, इन घटनाओं से उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया और तनाव इतना बढ़ गया कि उसकी शारीरिक क्षमताएं कमजोर पड़ गईं। पति ने बताया कि जब उसने विरोध किया तो पत्नी गाली-गलौज करने लगी और बार-बार पुलिस में झूठी शिकायतें दर्ज कराती रही।

2008 में पड़ोसियों की शिकायत के बाद पुलिस भी इस मामले में शामिल हुई। पति का कहना है कि उसकी पत्नी एक एनिमल राइट्स ग्रुप से जुड़ी हुई है और उसी के प्रभाव में उसने कई बार विवाद खड़ा किया। इतना ही नहीं, 1 अप्रैल 2007 को उसने रेडियो जॉकी से एक शरारती कॉल करवाया, जिसमें पति के प्रेम संबंधों की झूठी बातें की गईं, जिससे उसे ऑफिस में बेइज्जती झेलनी पड़ी।

पति का कहना है कि इन सभी वजहों से उनका वैवाहिक संबंध पूरी तरह टूट चुका है। उसने कोर्ट में 15 लाख रुपये गुजारा भत्ता देने की पेशकश की है, जबकि पत्नी 2 करोड़ रुपये की मांग पर अड़ी हुई है। हाईकोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई 1 दिसंबर के लिए तय की है। यह मामला अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है, जहां लोग इसे “भारत का सबसे अजीब तलाक केस” कह रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!