April 19, 2026

फिरोजाबाद में मामी से अवैध संबंध के चलते भांजे ने किया मामा का मर्डर, दो गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। थाना खैरगढ़ क्षेत्र के बैरनी गांव में एक युवक ने मामी से अवैध संबंधों के चलते अपने ही मामा की हत्या कर दी। आरोपी भांजा गोविंद और उसकी मामी रोशनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना तब सामने आई जब मृतक सत्येंद्र की पत्नी रोशनी ने पड़ोसियों को पति की अचानक मौत की सूचना दी। शक के आधार पर मृतक के भाई ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि सत्येंद्र की गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने रोशनी और गोविंद को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, रोशनी और गोविंद के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। जब सत्येंद्र को इस बारे में पता चला, तो वह इन दोनों के बीच बाधा बनने लगा। इसी वजह से दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!