प्रयागराज में दलित युवक की हत्या के बाद जलाया गया शव, सात पर मुकदमा दर्ज, छह हिरासत में
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से दलित युवक की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। करछना थाना क्षेत्र के इटौरा गांव में शनिवार देर रात 35 वर्षीय दलित युवक देवी शंकर की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसका शव जला दिया गया। रविवार सुबह एक बाग में अधजला शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान देवी शंकर के रूप में हुई, जिसकी पुष्टि उसके परिजनों ने की।
शंकर के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें मुख्य आरोपी दिलीप सिंह बताया गया है। परिजनों का आरोप है कि दिलीप ने देवी शंकर को गेहूं की ढुलाई के बहाने अपने घर बुलाया और फिर हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की गई। पुलिस उपायुक्त विवेक चंद्र यादव ने बताया कि घटना की जांच जारी है और अब तक छह आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्रित किए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
Share this content:
