हर भारतवासी के दिल में बस गया 29 जून का दिन, जब खत्म हुआ 17 साल का इंतजार और चमका तिरंगा क्रिकेट की दुनिया में
29 जून… एक ऐसी तारीख जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में हमेशा सुनहरे अक्षरों में दर्ज रहेगी। साल 2024 में इसी दिन रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर करोड़ों भारतीयों को गौरव, रोमांच और भावनाओं से भरा एक ऐसा पल दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। 17 सालों के सूखे को खत्म करते हुए भारत ने साउथ अफ्रीका को फाइनल में हराया और 2007 के बाद पहली बार यह खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में अफ्रीका को दी मात, टूटी आईसीसी ट्रॉफी की बेड़ियां
वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल मुकाबला भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 29 जून को खेला गया था। अफ्रीकी टीम ने भारत को कड़ी चुनौती दी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने धैर्य, अनुभव और जज्बे की मिसाल पेश की। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और शुरुआती झटकों के बावजूद 176 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 169 रन ही बना सकी और भारत ने यह मुकाबला 7 रनों से अपने नाम किया।
विराट-अक्षर की साझेदारी ने पलटा मैच, कोहली चमके
टॉप ऑर्डर के जल्दी ढहने के बाद भारत की पारी को संभालने का जिम्मा विराट कोहली और अक्षर पटेल ने उठाया। जब टीम का स्कोर 34 पर तीन था, तब इन दोनों ने 72 रनों की अहम साझेदारी कर भारत को संभाला। कोहली ने 59 गेंदों पर 76 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अक्षर ने 47 रन बनाए। अंत में शिवम दुबे की 16 गेंदों पर 27 रन की विस्फोटक पारी ने स्कोर को 176 तक पहुंचाया।
बुमराह का कहर, सूर्यकुमार का कैच और भारत की जीत
साउथ अफ्रीका ने भी दमदार बल्लेबाज़ी की और मैच के आखिरी ओवर तक रोमांच बरकरार रखा। एक समय 30 गेंदों में सिर्फ 30 रन की जरूरत थी और क्रीज़ पर क्लासेन व मिलर जैसे बड़े हिटर मौजूद थे, लेकिन जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने अपने अनुभव से बाज़ी पलट दी। आखिरी ओवर में जब डेविड मिलर बड़ा शॉट खेलने गए, तब सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री पर लाजवाब कैच पकड़कर पूरे स्टेडियम को झूमने पर मजबूर कर दिया।
संन्यास की भावुक घड़ी, विदाई में छलका हर आंख का कोना
इस ऐतिहासिक जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास की घोषणा कर दी। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी आखिरी पारी को खिताबी जीत के रूप में समर्पित किया। इसके कुछ दिनों बाद रवींद्र जडेजा ने भी इस फॉर्मेट को अलविदा कहा। तीनों दिग्गजों के इस भावनात्मक विदाई ने हर भारतीय फैन की आंखें नम कर दीं।
वानखेड़े में ऐतिहासिक स्वागत, तिरंगे की शान में गूंजा भारत
टीम इंडिया जब मुंबई लौटी, तो शहर ने अपने चैंपियनों का दिल खोलकर स्वागत किया। खुली बस में परेड निकाली गई और वानखेड़े स्टेडियम में सम्मान समारोह आयोजित हुआ, जहां हजारों फैंस अपनी टीम की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। नारे लगे, आंखें नम हुईं और गर्व के साथ पूरा देश झूम उठा।
29 जून अब सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट का गर्व, जुनून और यादों का सबसे चमकता सितारा बन चुका है।
Share this content:
