April 29, 2026

फर्रुखाबाद: पत्रकार की कार को मारी आमने-सामने टक्कर, डस्टर कार मौके से फरार

फर्रुखाबाद के कादरीगेट थाना क्षेत्र में एक न्यूज चैनल के पत्रकार की कार को जानबूझकर टक्कर मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के पीछे बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है।

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक न्यूज चैनल के पत्रकार की गाड़ी को आमने-सामने जोरदार टक्कर मार दी गई। खास बात यह है कि टक्कर के वक्त पत्रकार खुद कार के बाहर खड़े थे। गनीमत रही कि इस घटना में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने वाली डस्टर कार तेज रफ्तार में थी और हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गई। बताया जा रहा है कि फरार वाहन का नंबर UP14 CN 2066 है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर डस्टर कार को टक्कर मारते और फिर तेजी से भागते हुए देखा जा सकता है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले को सिर्फ सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश मानकर देखा जा रहा है। पत्रकार से जुड़े लोगों ने भी घटना के पीछे साजिश की आशंका जताई है।

मामला कादरीगेट थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर फरार कार और उसके चालक की तलाश तेज कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल पत्रकार की ओर से तहरीर देने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!