April 29, 2026

फर्रुखाबाद: संकिसा में धार्मिक विवाद ने पकड़ा तूल, बिसारी देवी मंदिर से खंडित मूर्तियां फेंकने का आरोप

थाना मेरापुर क्षेत्र के संकिसा में स्थित ऐतिहासिक टीले को लेकर बौद्ध धर्म अनुयायियों और सनातन धर्म मानने वालों के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर सामने आ गया है। मंदिर परिसर से खंडित मूर्तियां फेंके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है।

फर्रुखाबाद जिले के संकिसा क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब बौद्ध धर्म के कुछ अनुयायियों पर आरोप लगा कि उन्होंने टीले के ऊपरी हिस्से पर स्थित बिसारी देवी मंदिर पर चढ़कर खंडित मूर्तियां नीचे फेंक दीं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में नाराजगी देखी जा रही है।

बताया जा रहा है कि संकिसा का यह टीला लंबे समय से विवाद का केंद्र बना हुआ है। बौद्ध धर्म अनुयायियों का मानना है कि टीले का निचला हिस्सा भगवान बुद्ध की तपोस्थली रहा है, जबकि सनातन धर्म मानने वालों की आस्था टीले के ऊपरी भाग में स्थित बिसारी देवी मंदिर से जुड़ी हुई है। इसी धार्मिक आस्था को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से ही मतभेद चल रहे हैं।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद बिसारी देवी मंदिर के पुजारी ने बौद्ध अनुयायियों के खिलाफ थाना मेरापुर में तहरीर दी है। पुजारी का आरोप है कि मंदिर की मर्यादा को ठेस पहुंचाने के इरादे से खंडित मूर्तियां फेंकी गईं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। थाना मेरापुर पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!