फरीदाबाद: ACP के ड्राइवर ने थार से कुचला प्रॉपर्टी डीलर, 3 अन्य आरोपी गिरफ्तार
हादसे में मनोज कुमार की मौत, पुलिस ने थार चालक समेत चारों आरोपियों को हिरासत में लिया
फरीदाबाद में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें प्रॉपर्टी डीलर मनोज कुमार की मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद मृतक के परिवार और दोस्तों ने थार गाड़ी के ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई करते हुए ACP राजेश कुमार लोहान की नाम पर रजिस्टर्ड थार गाड़ी का चालक गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय गाड़ी में चार युवक सवार थे, और आरोप है कि सभी ने शराब पी रखी थी।
घटना रात लगभग 1 बजे हुई, जब मनोज कुमार अपने दो दोस्तों के साथ वृंदावन से लौटकर धर्मा ढाबा पर खाना खाने रुके थे। उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई महिंद्रा थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवारों ने विरोध किया तो गाड़ी में बैठे युवकों ने जानबूझकर दूसरी टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल मनोज को तुरंत फरीदाबाद सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम बादशाह खान अस्पताल में कराया और परिवार की शिकायत पर थार चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। 23 सितंबर की सुबह DCP सेंट्रल उषा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि थार चालक समेत चारों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही गाड़ी को भी कब्जे में लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटना के चश्मदीद और मृतक के दोस्त अनिल राणा और बिट्टू बजरंगी ने पुलिस की कार्रवाई को संतोषजनक बताया, लेकिन उन्होंने कहा कि वे आरोपी की शिनाख्त अपनी आंखों से करना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने सरकार से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी सख्त कार्रवाई के दायरे में हैं और जल्द ही न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहन चालकों के प्रति लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
Share this content:
