आपके पीएफ का पैसा कहां और कैसे लगता है? जानिए EPFO कैसे बनाता है आपका रिटायरमेंट फंड
अगर आप नौकरीपेशा हैं और आपकी सैलरी से हर महीने PF कटता है, तो ये सवाल ज़रूर उठता है कि ये पैसा कहां जाता है? दरअसल, यह सिर्फ बचत नहीं, बल्कि भविष्य की वित्तीय सुरक्षा का आधार होता है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) इस पैसे को सिर्फ जमा नहीं करता, बल्कि कई सुरक्षित निवेश माध्यमों में लगाता है ताकि रिटायरमेंट के समय आपको अच्छा रिटर्न और पेंशन मिल सके.
EPF स्कीम के अंतर्गत कर्मचारी और नियोक्ता दोनों ही बेसिक सैलरी का 12-12% योगदान करते हैं. कर्मचारी की पूरी 12% राशि सीधे EPF खाते में जाती है. वहीं नियोक्ता की 12% राशि तीन हिस्सों में बंटती है — 8.33% हिस्सा पेंशन स्कीम (EPS) में, 3.67% EPF खाते में और एक अलग अंश बीमा योजना (EDLI) में जमा होता है. मसलन, अगर आपकी बेसिक सैलरी ₹16,000 है तो लगभग ₹1,920 का योगदान दोनों तरफ से होता है, लेकिन नियोक्ता की ओर से आपको EPF में सिर्फ ₹587 ही दिखेगा.
EPFO आपके पैसे को नकद नहीं रखता, बल्कि इसे सरकारी बॉन्ड, कॉर्पोरेट बॉन्ड और ETF (एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स) में निवेश करता है. सरकारी बॉन्ड को सबसे सुरक्षित माना जाता है, जबकि कॉर्पोरेट बॉन्ड थोड़ा अधिक रिटर्न के साथ थोड़ा जोखिम लिए होते हैं. वहीं, ETF के ज़रिए EPFO अब फंड का 15% हिस्सा शेयर बाज़ार में भी लगाता है, जिससे रिटर्न को बढ़ाया जा सके.
नियोक्ता के EPS में जमा किए गए पैसे के आधार पर 58 वर्ष की उम्र के बाद मासिक पेंशन मिलती है, बशर्ते आपने कम से कम 10 साल तक लगातार योगदान किया हो. वहीं, EDLI स्कीम के तहत कर्मचारी की मृत्यु पर उनके परिवार को बीमा का लाभ भी मिलता है. ये दोनों ही लाभ नियोक्ता के योगदान से मिलते हैं.
अगर सेवा 10 साल से कम है और आप PF खाता बंद कर रहे हैं, तो Form 10C के ज़रिए EPS का पैसा निकाला जा सकता है. लेकिन 10 साल या उससे अधिक सेवा के बाद आप इसे निकाल नहीं सकते, बल्कि पेंशन के पात्र बन जाते हैं.
EPF योजना सिर्फ सेविंग नहीं, बल्कि यह एक सुव्यवस्थित रिटायरमेंट प्लान है, जो भविष्य में आपको एकमुश्त रकम के साथ-साथ नियमित पेंशन और बीमा सुरक्षा भी देता है. EPFO का उद्देश्य है कि कर्मचारी की मेहनत का फल उसे बुढ़ापे में भी सुरक्षित और स्थिर जीवन के रूप में मिले.
यह योजना नौकरीपेशा लोगों के लिए एक मजबूत सामाजिक सुरक्षा का स्तंभ है, जो समय से पहले समझना और इस्तेमाल करना बहुत जरूरी है.
Share this content:
