ट्रक ड्राइवरों का कातिल संदीप एनकाउंटर में ढेर, बागपत में STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
उत्तर प्रदेश की नोएडा एसटीएफ और बागपत पुलिस को सोमवार सुबह बड़ी सफलता मिली, जब 1 लाख के इनामी कुख्यात बदमाश संदीप को बागपत के मवी कलां गांव में एनकाउंटर में मार गिराया गया। हरियाणा के रोहतक जिले का रहने वाला संदीप ट्रक ड्राइवरों के लिए खौफ का दूसरा नाम बन चुका था। उस पर यूपी, हरियाणा और महाराष्ट्र में लूट और हत्या के 15 से ज्यादा मामले दर्ज थे।
संदीप हाईवे पर ट्रकों को निशाना बनाता था, उनके ड्राइवरों की हत्या करके माल लूट लेता था। वह कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में करीब 4 करोड़ की लूट का मास्टरमाइंड भी था। लंबे समय से फरार चल रहे संदीप को आज सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में गोली मारी। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
एसटीएफ के एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि संदीप एक संगठित गिरोह का हिस्सा था, जो हाईवे पर ट्रकों में लूटपाट करता था। गिरोह पहले ड्राइवरों की हत्या करता और फिर माल गायब कर देता था। आज इस नेटवर्क के एक सबसे खतरनाक सदस्य को खत्म कर दिया गया।
Share this content:
