April 20, 2026

अनिल अंबानी की मुश्किलें बढ़ीं, तीसरे दिन भी ED की छापेमारी जारी

मुंबई: कारोबारी अनिल अंबानी पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) का शिकंजा कसता जा रहा है। मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन जारी है। गुरुवार सुबह से शुरू हुई यह रेड शनिवार को भी जारी रही। ईडी की टीमें अनिल अंबानी के घर, दफ्तर और रिलायंस ग्रुप से जुड़ी अन्य जगहों पर तलाशी ले रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक, ये छापेमारी रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप (RAAGA) के मुंबई स्थित कार्यालयों में हो रही है। जांच 3,000 करोड़ रुपए के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर की जा रही है, हालांकि कुछ रिपोर्ट्स यह भी दावा कर रही हैं कि यह आंकड़ा 24,000 करोड़ रुपए तक हो सकता है।

प्रवर्तन निदेशालय की टीमें लगातार डिजिटल डेटा, वित्तीय दस्तावेज, लेनदेन रिकॉर्ड और विदेशी निवेश की जांच कर रही हैं। अनिल अंबानी की बीते वर्षों की कई वित्तीय डीलिंग्स अब जांच के घेरे में आ चुकी हैं। खासकर यस बैंक से जुड़े लोन ट्रांजैक्शन और उन फंड्स का इस्तेमाल भी जांच का मुख्य विषय बन गए हैं।

ईडी की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 2017 से 2019 के बीच यस बैंक से लिए गए 3,000 करोड़ रुपये के कर्ज का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया। इसी संदर्भ में रिलायंस ग्रुप पर शक गहराता जा रहा है।

हालांकि, रिलायंस ग्रुप ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है। कंपनी की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि सभी लोन तय नियमों के मुताबिक क्रेडिट कमेटी की मंजूरी से दिए गए थे, और समय पर मूलधन और ब्याज समेत चुका भी दिए गए हैं। कंपनी के मुताबिक वर्तमान में कोई बकाया नहीं है।

अब निगाहें ईडी की आगामी कार्रवाई और संभावित पूछताछ पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!