ED के सामने पेश हुए डिनो मोरिया, मीठी नदी घोटाले में बढ़ सकती हैं मुश्किलें, फिर होगी पूछताछ
बॉलीवुड एक्टर डिनो मोरिया इन दिनों मुश्किलों से घिरे हुए हैं। मीठी नदी की सफाई योजना से जुड़े बहुचर्चित घोटाले में उनका नाम सामने आने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें पूछताछ के लिए दोबारा समन जारी किया था। पहले समन पर अनुपस्थित रहने के बाद अब वह ईडी दफ्तर में पेश हो गए हैं, जहां उनसे फिर से पूछताछ की जा रही है।
डिनो मोरिया इससे पहले भी ED और मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा के सामने तीन बार बयान दे चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों को उनके और ठेकेदारों के बीच संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के सबूत मिले हैं। आरोप है कि डिनो के संबंध मीठी नदी सफाई परियोजना से जुड़े बिचौलियों और ठेकेदारों से हैं, और उनके बैंक खातों में पैसे का लेनदेन हुआ है।
दरअसल, 2005 में शुरू हुई मीठी नदी डी-सिल्टिंग योजना में समय-समय पर घोटाले और भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। इस मामले में डिनो मोरिया के अलावा उनके भाई सेंटिनो मोरिया और बीएमसी के कई अधिकारियों समेत कुल 8 लोगों को समन भेजा गया है।
डिनो मोरिया का नाम इस मामले में तब सामने आया जब पुलिस ने मुख्य आरोपी केतन कदम और जय जोशी के कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले। जांच में सामने आया कि डिनो और उनके भाई ने केतन कदम से कई बार बातचीत की थी। अब एजेंसियां इस बात की गहराई से जांच कर रही हैं कि उनका इन आरोपियों से क्या संबंध है और क्या इस घोटाले में उनकी कोई प्रत्यक्ष भूमिका है।
फिलहाल डिनो मोरिया ईडी के सामने पेश हो चुके हैं, लेकिन सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में उनकी मुश्किलें और भी बढ़ सकती हैं। एजेंसी इस मामले में सभी पक्षों से गहन पूछताछ कर रही है और जल्द ही कुछ बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Share this content:
