Digital Arrest: अवैध पार्सल के नाम पर रिटायर्ड डॉक्टर को रखा दो दिन तक डिजिटल अरेस्ट में, साइबर ठगों ने 95 लाख रुपये ठगे
लखनऊ के गोमती नगर स्थित विराट खंड में रहने वाले रिटायर्ड डॉक्टर बीएन सिंह हाईटेक साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठगों ने उन्हें दो दिन तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखते हुए 95 लाख रुपये की बड़ी रकम ठग ली। ठगों ने अवैध पार्सल और आधार कार्ड के दुरुपयोग का हवाला देकर डॉक्टर को झांसे में लिया और लगातार वीडियो कॉल व चैट के जरिए मानसिक रूप से नियंत्रण में रखा।
डॉ. सिंह को रविवार दोपहर करीब 2 बजे एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को कूरियर कंपनी ‘ब्लू डार्ट’ का कर्मचारी बताया। उसने दावा किया कि उनके नाम से एक पार्सल पकड़ा गया है जिसमें नशीले पदार्थ पाए गए हैं। इसके बाद कॉल को कॉन्फ्रेंस पर डालकर कथित पुलिस अधिकारी ‘मोहनदास’ से बातचीत कराई गई, जिसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया।
इसके तुरंत बाद एक और नंबर से कॉल आया और खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताने वाले व्यक्ति ने कहा कि उनके आधार कार्ड का दुरुपयोग हुआ है और उनके खिलाफ जांच चल रही है। डॉक्टर को कहा गया कि जांच पूरी होने तक वह किसी से संपर्क न करें और हर वक्त निगरानी में रहें। दो दिन तक वीडियो कॉल पर निगरानी में रखते हुए ठगों ने डॉक्टर को डराया और अकाउंट में मौजूद रकम RTGS के जरिए ट्रांसफर करवाने को कहा।
डॉ. सिंह ने झांसे में आकर दो दिन में करीब 95 लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में ट्रांसफर कर दिए। जब ठगों ने और 25 लाख रुपये की मांग की, तब उन्हें ठगी का शक हुआ और उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना प्रभारी ब्रजेश यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और संबंधित खातों की रकम होल्ड कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस इस हाईटेक साइबर ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है।
Share this content:
