बैंक फ्रॉड केस: ईडी ने सपा नेता विनय शंकर तिवारी समेत कई पर मनी लॉन्ड्रिंग में चार्जशीट दाखिल की, रिमांड खत्म होते ही भेजा गया जेल
लखनऊ में बैंक फ्रॉड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी, उनकी पत्नी रीता तिवारी, बिजनेस पार्टनर अजीत पांडेय, उनके बेटे समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ शुक्रवार को चार्जशीट दाखिल कर दी। ईडी की इस कार्रवाई के बाद विनय शंकर तिवारी की मुश्किलें और भी बढ़ना तय मानी जा रही हैं।
शुक्रवार को ईडी ने रिमांड पर लिए गए विनय शंकर तिवारी से गहन पूछताछ की और रिमांड की अवधि खत्म होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। ईडी ने 7 अप्रैल को विनय शंकर तिवारी और उनके सहयोगी अजीत पांडेय को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही लगातार पूछताछ की जा रही थी, लेकिन पूछताछ के दौरान पूर्व विधायक ने अधिकतर सवालों के जवाब देने से इनकार कर दिया। यहां तक कि जब ईडी ने बेनामी संपत्तियों के सबूत दिखाए तब भी वे चुप्पी साधे रहे।
ईडी की चार्जशीट में विनय शंकर तिवारी की पत्नी रीता तिवारी को भी आरोपित बनाया गया है, जिससे उनकी भी जल्द गिरफ्तारी की आशंका जताई जा रही है। साथ ही अजीत पांडेय के बेटे पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है। सीबीआई की एफआईआर में जिन नामों का जिक्र किया गया था, ईडी ने उनके अलावा कई अन्य को भी इस चार्जशीट में शामिल किया है। एजेंसी अब सभी आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।
Share this content:
