देवरिया: धर्मांतरण मामले में SS मॉल मालिक उस्मान गनी पत्नी संग फरार पुलिस की दबिश तेज
देवरिया जिले का बहुचर्चित धर्मांतरण मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। SS मॉल और EG मार्ट के मालिक उस्मान गनी और उसकी पत्नी तरन्नुम रविवार को अचानक मॉल में ताला बंद कर फरार हो गए। इस दंपत्ति पर मॉल में काम करने वाली एक युवती ने यौन शोषण और जबरन धर्मांतरण जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने से आरोपियों को मौके का फायदा मिला और वे फरार हो गए। अब पुलिस लगातार दबिश देकर उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।
यह पूरा मामला जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के राघवनगर से जुड़ा है, जहां SS मॉल और EG मार्ट स्थित हैं। यहां काम करने वाली युवती ने एक सप्ताह पहले मालिक उस्मान गनी, उसकी पत्नी और साले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि युवती का न केवल यौन शोषण किया गया, बल्कि उस पर धर्म बदलने का दबाव भी बनाया गया। एफआईआर दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी न होने पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि अब पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।
इस बीच, EG मार्ट से जुड़ा एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वर्षों से वहां काम करने वाला हिंदू कर्मचारी दाता त्रयनाथ मद्धेशिया अब धर्म परिवर्तन कर अब्दुल रहमान बन चुका है। उसके परिवार के साथ इस्लाम धर्म अपनाने की पुष्टि गांव के प्रधान ने की है। इस खुलासे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है।
वहीं, एक तीसरा मामला खुखुंदू थाना क्षेत्र से जुड़ा है। यहां के निवासी उमेश सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी लक्ष्मी सिंह को उस्मान गनी के साले गौहर अली ने प्रेम जाल में फंसाया और उसका धर्म परिवर्तन करा कर शादी कर ली। परिजनों का कहना है कि लक्ष्मी का नाम बदलकर अब सलमा रखा गया है। पीड़ित पिता ने इसे एक सुनियोजित साजिश करार दिया और न्याय की गुहार लगाई।
लगातार बढ़ते इन मामलों ने जिले की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही परिवार से जुड़े व्यक्तियों पर यौन शोषण, धर्मांतरण और फर्जी शादी जैसे गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है। प्रशासन का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवारों और स्थानीय लोगों ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Share this content:
