December 7, 2025

दिल्ली: प्राइवेट अस्पताल में महिला के शव से गहने चोरी, CCTV में करतूत कैद

दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित गोयल हॉस्पिटल में एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां इलाज के दौरान एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद अस्पताल स्टाफ पर शव से गहने चोरी करने का आरोप लगा है। घटना 11 नवंबर की है, लेकिन परिजनों की शिकायत के करीब 20 दिन बाद अब जाकर FIR दर्ज की गई है।

 

परिवार का आरोप है कि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था और प्रारंभिक इलाज के समय उनके कानों के टॉप्स और चेन मौजूद थे। लेकिन रात में उन्हें GTB अस्पताल रेफर किया गया, जहां पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस दौरान जब परिजनों ने शव को देखा, तो ज्वेलरी गायब थी। पूछताछ करने पर अस्पताल स्टाफ ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

 

परिजनों ने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई तो उसमें एक महिला स्टाफ मृतका के गहने उतारती दिखाई दी। इसके आधार पर अब पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आरोपित महिला स्टाफ को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!