April 19, 2026

दिल्ली के जैतपुर में बारिश का कहर, दीवार गिरने से 7 की मौत, कई घायल

दिल्ली के जैतपुर इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब लगातार हो रही भारी बारिश के चलते एक पुरानी दीवार गिर गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। मृतकों में 3 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 मासूम बच्चियां शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तेज़ी से शुरू किया गया।

 

एडिशनल डीसीपी साउथ ईस्ट ऐश्वर्या शर्मा ने बताया कि हादसा एक पुराने मंदिर के पास हुआ, जिसके बगल में कबाड़ी परिवारों की झुग्गियां थीं। रातभर हुई मूसलाधार बारिश की वजह से यह दीवार अचानक गिर पड़ी, जिसके मलबे में 8 लोग दब गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 7 लोगों ने दम तोड़ दिया। एक घायल का इलाज जारी है। पुलिस ने एहतियातन आसपास की झुग्गियों को खाली करा दिया है।

 

मृतकों की पहचान शबीबुल (30), रबीबुल (30), मुत्तु अली (45), रुबीना (25), डॉली (25), रुखसाना (6) और हसीना (7) के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति का नाम हाशिबुल बताया जा रहा है, जिसकी हालत गंभीर है। घटना के बाद से इलाके में मातम का माहौल है और पीड़ित परिवारों में रो-रोकर बुरा हाल है।

 

यह हादसा हरिनगर के बाबा मोहन राम मंदिर के पास स्थित समाधि स्थल की दीवार गिरने से हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवार के नीचे करीब दस लोग दब गए थे। दमकल और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बचाव दल अभी भी यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि मलबे के नीचे कोई और न फंसा हो।

 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार रात से ही तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग में 78.7 मिमी, प्रगति मैदान में 100 मिमी, लोधी रोड पर 80 मिमी, पूसा में 69 मिमी और पालम में 31.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। शनिवार तड़के भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया था, जिसे बाद में येलो अलर्ट में बदल दिया गया। लगातार हो रही बारिश ने रक्षाबंधन के दिन दिल्लीवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!