दिल्ली में दिनदहाड़े कांग्रेस सांसद आर सुधा की चेन लूटी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र चाणक्यपुरी में सोमवार सुबह कांग्रेस सांसद आर सुधा के साथ चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। सुबह करीब 6:15 बजे जब वे तमिलनाडु हाउस से मॉर्निंग वॉक पर निकलीं, तभी एक बाइक सवार युवक ने उनकी सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। सांसद ने बताया कि बाइक सवार विपरीत दिशा से आया और अचानक झपटमारी कर चला गया। इस दौरान उनकी गर्दन पर भी चोट आई है।
आर सुधा ने इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिकायत की है और दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब राजधानी के सबसे सुरक्षित इलाकों में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो बाकी देश की हालत क्या होगी। उन्होंने कहा कि यदि एक महिला सांसद खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती, तो आम लोगों की सुरक्षा की क्या गारंटी है?
इस मामले में सबसे हैरानी की बात यह है कि यह घटना उस इलाके में हुई है जहां कई विदेशी दूतावास और प्रमुख सरकारी संस्थान मौजूद हैं। आर सुधा के मुताबिक, हेलमेट पहने बाइक सवार की हरकत पर उन्हें पहले शक नहीं हुआ, लेकिन जैसे ही वह पास आया, झपटमारी कर भाग गया। घटना के बाद वह जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगीं।
साल 2024 में दिए अपने चुनावी हलफनामे के अनुसार आर सुधा के पास करीब 480 ग्राम सोना है, जिसकी वर्तमान कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा उनके पास कुल 38 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति भी है। उन्होंने अपने हलफनामे में 10 आपराधिक मामलों का भी जिक्र किया है, जिनमें से किसी में उन्हें अभी तक दोषी नहीं ठहराया गया है।
आर सुधा तमिलनाडु की मयिलादुथुराई लोकसभा सीट से सांसद हैं। उनका जन्म 27 जुलाई 1977 को गुम्मीडिपुंडी में हुआ था। वह अविवाहित हैं और पेशे से वकील हैं। तमिलनाडु महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्होंने 2024 के चुनाव में AIADMK प्रत्याशी पी बाबू को 2.71 लाख वोटों के अंतर से हराया था।
Share this content:
