कैंसर से जूझ रही दीपिका कक्कड़ की हालत पर नया अपडेट, शोएब ने बताया आगे का इलाज
टीवी अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इन दिनों स्टेज 2 लिवर कैंसर से उबरने की कोशिश कर रही हैं। 2 जून 2025 को उन्होंने कैंसर रिमूवल सर्जरी करवाई थी और अब उनके पति शोएब इब्राहिम लगातार उनकी तबीयत से जुड़ी अपडेट सोशल मीडिया के ज़रिए शेयर कर रहे हैं। हाल ही में शोएब ने अपने व्लॉग में बताया कि दीपिका अब अगले सप्ताह टार्गेटेड थेरेपी से गुजरेंगी।
शोएब ने बताया कि 3 जुलाई को दीपिका की सर्जरी को एक महीना पूरा हो गया है। इस दौरान डॉक्टर्स ने उन्हें अनिवार्य जांच के लिए बुलाया, जहां PET स्कैन और बायोप्सी रिपोर्ट से यह संकेत मिला कि भले ही सर्जरी के बाद शरीर में कैंसर कोशिकाएं नहीं हैं, लेकिन भविष्य में कैंसर दोबारा होने का खतरा बना हुआ है।
इसी को ध्यान में रखते हुए डॉक्टर्स ने इलाज के दो विकल्प बताए — इम्यूनोथेरेपी और टार्गेटेड थेरेपी। दीपिका के केस में कीमोथेरेपी असरदार नहीं मानी गई, इसलिए डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने टार्गेटेड थेरेपी को अपनाने का फैसला किया है। इसमें उन्हें रोजाना घर पर दवाएं लेनी होंगी और हर तीन महीने में स्कैन करवाना होगा।
शोएब ने यह भी बताया कि फिलहाल दीपिका की हालत स्थिर है। उन्हें योग और वजन उठाने से परहेज करने की सलाह दी गई है। साथ ही बाहर का खाना खाने से मना किया गया है और उन्हें केवल घर का बना हल्का भोजन लेने को कहा गया है। डॉक्टर्स के अनुसार, यह थेरेपी एक से दो साल तक चल सकती है और सब कुछ दीपिका की रिकवरी पर निर्भर करेगा।
इस बीच, दीपिका मानसिक रूप से इस लड़ाई को मजबूती से लड़ रही हैं और अपने चाहनेवालों से दुआओं की अपील कर रही हैं।
Share this content:
