April 18, 2026

उत्तर प्रदेश विधानसभा में हंगामा: स्पीकर सतीश महाना ने गुस्से में फेंका हेडफोन, अखिलेश यादव का बीजेपी पर तंज

उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के हंगामे से नाराज हो गए। लगातार शोर-शराबे के बीच उन्होंने नाराजगी जताते हुए अपना हेडफोन टेबल पर फेंक दिया और सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी। इस घटनाक्रम को लेकर समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई।

दरअसल, स्पीकर ने सवाल पूछने के लिए विपक्ष के एक विधायक का नाम लिया था, लेकिन इस दौरान विपक्ष के कुछ सदस्य हंगामा करने लगे। अध्यक्ष ने उन्हें कई बार शांत रहने के निर्देश दिए। इसी बीच सत्ता पक्ष के कुछ विधायक भी खड़े हो गए, जिस पर स्पीकर ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने एक विधायक का नाम लेते हुए नाराजगी में कहा कि सदन चलाना उनका काम है और अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की हताशा अब सड़क से लेकर सदन तक दिखाई दे रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता पूछ रही है कि क्या भाजपा नेता अगला चुनाव आपस में ही लड़ेंगे। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!