आर अश्विन के यूट्यूब चैनल पर विवाद के बाद बड़ा फैसला, अब नहीं होगा CSK मैचों का कवरेज
आईपीएल 2025 के बीच भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस विवाद के चलते अब उनके चैनल पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बचे हुए मैचों का कोई प्रीव्यू या रिव्यू नहीं किया जाएगा। चैनल के एडमिन ने सोमवार, 7 अप्रैल को यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि मौजूदा सीजन में अब CSK से जुड़े किसी भी मैच पर चर्चा नहीं होगी।
चैनल एडमिन का आधिकारिक बयान
अश्विन के यूट्यूब चैनल की ओर से जारी बयान में कहा गया, “पिछले सप्ताह हमारे प्लेटफॉर्म पर हुई चर्चाओं की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए, यह फैसला किया गया है कि इस सीजन के बाकी बचे मैचों में CSK से जुड़े किसी भी प्रकार के प्रीव्यू या रिव्यू को कवर नहीं किया जाएगा। हम शो में प्रस्तुत विभिन्न दृष्टिकोणों की सराहना करते हैं, लेकिन साथ ही चैनल की अखंडता और उद्देश्य को भी बनाए रखना हमारे लिए प्राथमिकता है।” बयान में यह भी साफ किया गया कि चैनल पर आए मेहमानों के विचार अश्विन की व्यक्तिगत राय नहीं हैं।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
यह पूरा विवाद 5 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हुए मुकाबले के बाद शुरू हुआ। मैच के रिव्यू शो में शामिल हुए गेस्ट प्रसन्ना अगोरम ने CSK की टीम चयन रणनीति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि नूर अहमद की जगह टीम को एक अतिरिक्त बल्लेबाज़ खिलाना चाहिए था, क्योंकि टीम में पहले से ही अश्विन और जडेजा जैसे स्पिनर मौजूद हैं।
यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और फैंस ने अश्विन और उनके यूट्यूब चैनल को जमकर ट्रोल किया। आलोचना के बाद यह फैसला लिया गया कि आगे से CSK से जुड़े किसी भी मैच पर चैनल पर कोई चर्चा नहीं की जाएगी।
अब देखना होगा कि अश्विन का यह चैनल आगे किन टीमों और मुकाबलों पर फोकस करता है और क्या यह विवाद लंबा खिंचता है या यहीं थम जाता है।
Share this content:
