CSK के पास अब भी प्लेऑफ का मौका, बचे हुए मैचों में करना होगा करिश्मा
आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम सात मुकाबले खेल चुकी है, जिनमें से केवल दो में जीत हासिल हुई है और पांच में हार का सामना करना पड़ा है। इस समय CSK के खाते में महज चार अंक हैं और नेट रन रेट -1.276 के साथ वह प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे यानी आखिरी स्थान पर है। हालांकि, इसके बावजूद चेन्नई के पास प्लेऑफ में पहुंचने का एक अंतिम मौका अभी भी मौजूद है।
इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स को कई झटके लगे हैं। टीम के नियमित कप्तान रुतुराज गायकवाड़ कोहनी की चोट के कारण बीच सीजन से ही बाहर हो गए, जिसके बाद कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी को संभालनी पड़ी। टीम ने इस बार कई खिलाड़ियों को आजमाया है लेकिन कोई भी लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। इन उतार-चढ़ावों के बीच टीम की लय बुरी तरह बिगड़ गई है।
अब चेन्नई के पास अपने बचे हुए सात मुकाबलों में से कम से कम छह मैच जीतने की चुनौती है, जिससे टीम 16 अंकों तक पहुंच सके। इसके साथ ही टीम को अपने नेट रन रेट में भी काफी सुधार करना होगा। टारगेट का पीछा करते हुए कम ओवरों में जीत और गेंदबाज़ी करते हुए बड़े अंतर से विपक्षी टीम को हराना CSK के लिए बेहद जरूरी होगा। तभी प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रह सकती हैं।
चेन्नई की टीम को तीन मुकाबले अपने होम ग्राउंड यानी चेपॉक स्टेडियम में खेलने हैं, जिसे उनका गढ़ माना जाता है। हालांकि मौजूदा सीजन में टीम इस मैदान पर भी कमजोर नजर आई है और चार में से तीन मैच हार चुकी है। लेकिन अब बचे हुए तीन घरेलू मैचों में जीत हासिल करना ही उनके लिए प्लेऑफ का रास्ता खोल सकता है, क्योंकि यहां की परिस्थितियों से टीम अच्छी तरह वाकिफ है।
चेन्नई की उम्मीदें अब एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी से जुड़ी हुई हैं। उन्हें अपनी कप्तानी के साथ-साथ बल्ले से भी वही पुराना जलवा दिखाना होगा, जिसके लिए वे मशहूर हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में उन्होंने 11 गेंदों पर 26 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल था। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया। अगर धोनी इसी फॉर्म को बरकरार रखते हैं और टीम एकजुट होकर खेलती है, तो चेन्नई सुपर किंग्स के लिए प्लेऑफ की राह अब भी खुली है।
Share this content:
