May 5, 2026

पत्नी के जुल्म से परेशान युवक की गुहार – कहा, “अगर नहीं बचाया गया तो अगला राजा रघुवंशी बन जाऊंगा”

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर खुद को एक युवती से बचाने की अपील की है। युवक का कहना है कि वह “राजा रघुवंशी” की तरह आत्महत्या करने के कगार पर है और अगर समय रहते मदद नहीं मिली तो वह भी वैसा कदम उठा सकता है।

 

पीड़ित युवक, नौगांव क्षेत्र निवासी लकी (विकास पटेरिया) ने बताया कि वह एक युवती से इंस्टाग्राम पर मिला था और दोनों के बीच दोस्ती गहराने लगी। लकी का दावा है कि युवती पहले से शादीशुदा है और एक पेशेवर ब्लैकमेलर है, जो लड़कों को फंसाकर पैसों की उगाही करती है। उसने बताया कि युवती अब उस पर शादी का दबाव बना रही है।

 

इस मामले में तब नया मोड़ आया जब युवती, जो एक यूट्यूबर भी है, ने खुद भी पुलिस में शिकायत दी। उसका आरोप है कि लकी ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और अब उसे अपनाने से इनकार कर रहा है। उसने भी न्याय की मांग की है।

 

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। नौगांव थाना प्रभारी के मुताबिक, युवती पर पहले भी ब्लैकमेलिंग के मामले दर्ज हैं और फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

 

यह मामला सोशल मीडिया पर बन रही रिश्तों की सच्चाई और संभावित खतरों को उजागर करता है। अब इस मामले की असलियत पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!