एयर इंडिया ने फ्लाइट नंबर 171 को किया रिटायर, हादसे के बाद उड़ान संख्या बदली जाएगी
अहमदाबाद में हुए भयानक विमान हादसे के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171, जो हादसे का शिकार हुई थी और जिसमें 12 क्रू मेंबर्स समेत 241 यात्रियों की मौत हुई, अब कभी उड़ान नहीं भरेगी। एयरलाइन ने इस उड़ान संख्या का इस्तेमाल बंद करने का ऐलान किया है।
सूत्रों के अनुसार, 17 जून से अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए अब फ्लाइट संख्या AI-159 इस्तेमाल की जाएगी। बुकिंग सिस्टम में भी इस बदलाव को लागू कर दिया गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी अपनी उड़ान संख्या IX-171 को बंद करने का निर्णय लिया है।
यह कदम मृतकों के प्रति सम्मान और संवेदना के तौर पर उठाया गया है। इससे पहले 2020 में कोझीकोड हादसे के बाद भी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने उस दुर्घटनाग्रस्त विमान की फ्लाइट संख्या का इस्तेमाल बंद कर दिया था।
यह फैसला एयर इंडिया की सुरक्षा छवि को सुधारने और यात्रियों का विश्वास बनाए रखने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Share this content:
