दूल्हा लेकर पहुंचा बारात, पर नहीं मिला दुल्हन का घर – मोगा में शादी के नाम पर बड़ा स्कैम
पंजाब के मोगा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दूल्हा जब अपनी 40-45 लोगों की बारात लेकर पहुंचा, तो न दुल्हन मिली और न ही उसका घर। अमृतसर के सुल्तानविंडी गांव से बारात रवाना हुई थी और मोगा पहुंचने पर सभी के होश उड़ गए जब पता चला कि दुल्हन का एड्रेस ही फर्जी था।
जिस मोहल्ले में शादी की बात कही गई थी, वहां न कोई आयोजन था और न ही लड़की को कोई पहचानता था। तस्वीरें दिखाने पर स्थानीय लोगों ने भी इंकार कर दिया कि उन्होंने कभी ऐसी किसी लड़की को देखा हो।
दूल्हे की भाभी के अनुसार, ये रिश्ता रिश्तेदारों के जरिए तय हुआ था और लड़की खुद को यूके निवासी बताती थी। दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत भी होती रही और लड़की ने शादी की तमाम तैयारियों का भरोसा भी दिलाया था, साथ ही बारात का वैन्यू भी खुद बताया था।
हालांकि जब बारात ‘रॉयल पैलेस’ पहुंची, तो वहां के मालिक ने बताया कि उस दिन कोई बुकिंग ही नहीं थी। पूरे दिन मोगा के चक्कर लगाने के बाद भी न तो लड़की का कोई सुराग मिला और न ही शादी का कोई इंतज़ाम।
अब दूल्हे के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और पूरे मामले की गहराई से जांच की मांग की है। मोगा में यह ऐसा पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी शादी के नाम पर धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां दुल्हन का पूरा परिवार अचानक लापता हो गया था।
Share this content:
