April 19, 2026

चीन से आयात पर ट्रंप सरकार ने लगाया 245% तक टैरिफ, बढ़ा अमेरिका-चीन के बीच व्यापारिक तनाव

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने चीन से आने वाले सामानों पर 245 फीसदी तक टैरिफ लगाने का बड़ा फैसला लिया है। इस कदम की जानकारी व्हाइट हाउस द्वारा जारी की गई एक फैक्ट शीट में दी गई, जिसके बाद अमेरिका और चीन के बीच पहले से चल रहे व्यापारिक तनाव में और बढ़ोतरी देखी गई है। ट्रंप प्रशासन का यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब अमेरिका 75 से अधिक देशों के साथ व्यापारिक समझौतों पर बातचीत कर रहा है। इन देशों पर फिलहाल ज्यादा टैरिफ नहीं लगाया गया है, लेकिन चीन पर सख्ती बरकरार रखी गई है।

फैक्ट शीट के अनुसार, चीन को अब अमेरिका में सामान भेजने के लिए 245 फीसदी तक के भारी शुल्क का सामना करना पड़ेगा। इसके पीछे चीन की उन नीतियों को जिम्मेदार ठहराया गया है, जिनके तहत उसने अमेरिका को गैलियम, जर्मेनियम, एंटीमनी जैसी हाई-टेक और सामरिक महत्व की धातुओं का निर्यात बंद कर दिया है। यही नहीं, चीन ने हाल ही में छह दुर्लभ भारी धातुओं और पृथ्वी चुंबकों का निर्यात भी रोक दिया, जो ऑटो, एयरोस्पेस, सेमीकंडक्टर और रक्षा उद्योगों के लिए बेहद जरूरी माने जाते हैं।

ट्रंप प्रशासन का मानना है कि चीन की यह रणनीति वैश्विक आपूर्ति शृंखला को बाधित करने और अमेरिका की तकनीकी प्रगति को प्रभावित करने के लिए अपनाई जा रही है। इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए चीन ने कहा है कि अगर अमेरिका टैरिफ बढ़ाने का यह खेल जारी रखता है, तो वह इसकी परवाह नहीं करेगा और वह भी अपने स्तर पर कार्रवाई करता रहेगा। इस घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध और अधिक गंभीर रूप ले सकता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!