सिर्फ 12 महीने में सुधारें अपना खराब क्रेडिट स्कोर, अपनाएं ये 3 आसान कदम
आज के दौर में किसी भी तरह का लोन या क्रेडिट कार्ड लेने के लिए अच्छा क्रेडिट स्कोर होना बेहद जरूरी हो गया है। यदि स्कोर कम है, तो बैंक न सिर्फ आपका आवेदन खारिज कर देते हैं बल्कि भविष्य में भी वित्तीय मदद मिलने की संभावनाएं घट जाती हैं। मगर चिंता की बात नहीं—सिर्फ 12 महीनों में आप अपने खराब क्रेडिट स्कोर को फिर से पटरी पर ला सकते हैं। इसके लिए बस तीन बातों का ध्यान रखना होगा, जो न सिर्फ आपके स्कोर को सुधारेंगे, बल्कि भविष्य में कम ब्याज दर पर लोन मिलने की राह भी आसान बनाएंगे।
1. क्रेडिट रिपोर्ट की गलतियों को करें सुधार
अपने क्रेडिट स्कोर सुधारने की शुरुआत हमेशा अपनी क्रेडिट रिपोर्ट को ध्यान से पढ़ने से करें। रिपोर्ट में यदि कोई ऐसा भुगतान ‘पेंडिंग’ दिख रहा है जो आपने पहले ही कर दिया है, तो यह स्कोर को नुकसान पहुंचाता है। ऐसे मामलों में संबंधित एजेंसी से संपर्क कर रिकॉर्ड को ठीक कराना जरूरी होता है। कई बार पुरानी जानकारी भी स्कोर पर असर डालती है जिसे सही कराने से स्कोर तेजी से सुधरता है।
2. कम करें क्रेडिट उपयोग, रखें 30% से नीचे
क्रेडिट कार्ड का उपयोग करते समय यह ध्यान रखें कि कुल क्रेडिट लिमिट का केवल 30% से कम हिस्सा ही इस्तेमाल करें। उदाहरण के लिए अगर आपके कार्ड की सीमा ₹2 लाख है, तो कोशिश करें कि खर्च ₹60,000 से ज्यादा न हो। इससे आपको एक ‘क्रेडिट डिसिप्लिन’ वाले उपयोगकर्ता के रूप में देखा जाएगा, जो स्कोर सुधारने में मदद करता है। इसके साथ ही, क्रेडिट स्कोर को मजबूती देने के लिए क्रेडिट के विभिन्न प्रकारों—जैसे पर्सनल लोन, कार लोन आदि—का संतुलित उपयोग भी लाभकारी होता है।
3. EMI और बिल समय पर चुकाएं
क्रेडिट स्कोर पर सबसे बड़ा असर डालने वाला पहलू है—समय पर भुगतान। लोन की EMI या क्रेडिट कार्ड का बिल एक दिन की भी देरी से न चुकाएं। यह देरी स्कोर को अचानक कई अंकों तक गिरा सकती है। साथ ही, पुराने क्रेडिट कार्ड को निष्क्रिय न करें, क्योंकि उनकी लंबी क्रेडिट हिस्ट्री आपके स्कोर को स्थिर बनाए रखती है और विश्वास का प्रतीक होती है।
अगर आप इन तीन बातों को पूरे अनुशासन से फॉलो करते हैं, तो मात्र 12 महीनों में आपका खराब से खराब क्रेडिट स्कोर भी बेहतर कैटेगरी में पहुंच सकता है। इसके बाद न सिर्फ बैंक आसानी से लोन देंगे, बल्कि बेहतर शर्तों पर फाइनेंस मिलना भी आसान हो जाएगा।
Share this content:
