मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विधवा महिला पर उसके ही जेठ ने एसिड अटैक कर दिया। आरोपी ने पहले महिला को शादी का प्रस्ताव दिया था, लेकिन जब उसने साफ मना कर दिया तो आरोपी बौखला गया और उस पर तेजाब फेंककर हमला कर दिया। इस वारदात में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे इलाज के लिए ज्यारोग्य अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को देर रात हिरासत में ले लिया है।
घटना कंपू थाना क्षेत्र के अवाड़पुरा इलाके की है, जो मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र बताया जा रहा है। शुक्रवार शाम महिला अपने मायके में थी, तभी आरोपी जेठ मुशीर खान बोतल में एसिड लेकर घर में घुस गया और अचानक उस पर हमला कर दिया। तेजाब के छींटे महिला के चेहरे, सीने, हाथ और पैरों तक पहुंच गए। उस समय पीड़िता घर पर सब्जी काट रही थी। शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, महिला की शादी 12 साल पहले मोहल्ले के ही एक युवक से हुई थी, जो शराब पीने का आदी था। करीब नौ महीने पहले बीमारी के कारण उसकी मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद से वह अपने मायके में रह रही थी। आरोपी मुशीर खान की पत्नी की भी मौत हो चुकी थी और वह विधवा महिला से शादी करना चाहता था। शादी के प्रस्ताव को ठुकराने पर उसने यह घिनौनी हरकत की।
पुलिस ने बताया कि महिला ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और देर रात उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उस पर एसिड अटैक तथा हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
Share this content:
