April 24, 2026

योगी सरकार के पांच बड़े फैसले: नर्सिंग कॉलेज, गेहूं खरीद और सैफई अस्पताल को मिली मंजूरी

लखनऊ में सोमवार को योगी सरकार की मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 19 प्रस्तावों पर चर्चा हुई और सभी को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इस बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, शहरी विकास और कर्मचारी कल्याण से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। बुलंदशहर में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए 4570 वर्ग मीटर भूमि चिकित्सा शिक्षा विभाग को नि:शुल्क हस्तांतरित करने का फैसला लिया गया। यह भूमि ग्राम वलीपुरा में स्थित है और पहले राजकीय कृषि विद्यालय के नाम दर्ज थी।

 

प्रदेश के 27 स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालयों में नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिसमें अब बुलंदशहर भी शामिल होगा। प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में 300 बेड के ऑब्स एंड गायनी ब्लॉक के निर्माण को भी मंजूरी दी गई। इसमें पीडियाट्रिक ब्लॉक भी शामिल होगा। इसके लिए 232.17 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।प्रदेश में गेहूं की खरीद 17 मार्च से 15 जून 2025 तक चलेगी। इसके लिए खाद्य विभाग की विपणन शाखा सहित कुल आठ एजेंसियां प्रदेशभर में लगभग 6,500 क्रय केंद्र स्थापित करेंगी। खरीद केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 2425 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर की जाएगी।

 

हरदोई जिले के गोपामऊ परगना के ग्राम दही स्थित महर्षि दधीचि कुंड को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 0.850 हेक्टेयर बंजर सरकारी जमीन पर्यटन विभाग को नि:शुल्क हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया।इसके अलावा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद में 25 साल से कार्यरत सात कर्मचारियों को परिषद के अन्य कर्मचारियों की तरह 7वें वेतन आयोग का लाभ देने का फैसला भी किया गया। योगी सरकार के ये फैसले राज्य में स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और शिक्षा क्षेत्रों को मजबूती देंगे और जनता को सीधा लाभ पहुंचाएंगे।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!