May 1, 2026

चीनी विदेश मंत्री के भारत दौरे पर कांग्रेस का हमला, बोली- ‘ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान की मदद की थी’

चीनी विदेश मंत्री वांग यी सोमवार को दो दिन की भारत यात्रा पर दिल्ली पहुँच रहे हैं। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात करेंगे। सीमा विवाद और द्विपक्षीय संबंध इस दौरे के अहम मुद्दे होंगे। लेकिन कांग्रेस ने इस यात्रा पर कड़ा सवाल उठाया है।

 

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि वांग यी ऐसे समय भारत आ रहे हैं जब हाल ही में चीन ने पाकिस्तान को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पूरी सैन्य मदद दी थी। रमेश ने आरोप लगाया कि चीन ने पाकिस्तान को न केवल आधुनिक मिसाइलें और लड़ाकू विमान दिए बल्कि लाइव इंटेलिजेंस सपोर्ट भी मुहैया कराया।

 

जयराम रमेश ने उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राहुल आर. सिंह के बयान का हवाला दिया जिसमें कहा गया था कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत जिन विरोधियों का सामना कर रहा था, उनमें चीन भी शामिल था। उन्होंने यह भी बताया कि चीन यारलुंग त्संगपो नदी पर 60 गीगावाट क्षमता वाले मेदोग बांध का निर्माण कर रहा है, जो भारत के लिए गंभीर रणनीतिक चुनौती है।

 

कांग्रेस का कहना है कि मोदी सरकार ने अक्टूबर 2024 में चीन के साथ हुए डिसएंगेजमेंट समझौते में कई रियायतें दीं। इसके चलते भारतीय गश्ती दलों को अब देपसांग, देमचोक और चुशूल जैसे इलाकों में अपने ही पोस्ट तक जाने के लिए चीन से अनुमति लेनी पड़ती है। पार्टी ने इसे भारत की सुरक्षा और संप्रभुता से समझौता करार दिया।

 

जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि 19 जून 2020 को उनके बयान ने गलवान घाटी में शहीद हुए 20 जवानों के बलिदान का अपमान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियाँ न केवल सीमा सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं बल्कि चीन को रणनीतिक रूप से और मजबूत बना रही हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!