April 30, 2026

चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट, सिल्वर ETF 20% टूटा, आगे क्या और सस्ते होंगे दाम?

लंबे समय से तेजी के रथ पर सवार चांदी की कीमतों में गुरुवार को अचानक बड़ी गिरावट देखने को मिली। ग्लोबल इक्विटी मार्केट में मजबूती के साथ ही निवेशकों का रुझान कीमती धातुओं से हटता नजर आया, जिसका सीधा असर चांदी पर पड़ा। घरेलू वायदा बाजार MCX पर चांदी के भाव एक समय करीब 9,000 रुपये तक टूट गए, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ गई।

गुरुवार सुबह करीब 11 बजे MCX पर चांदी का भाव 9,146 रुपये गिरकर 3,09,346 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था। यह स्तर अपने ऑल टाइम हाई से लगभग 26,000 रुपये नीचे था। हालांकि, दिन के कारोबार में बाद में हल्की रिकवरी जरूर देखने को मिली, लेकिन गिरावट का दबाव बना रहा। 5 मार्च 2026 को एक्सपायर होने वाले सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट में दिन के अंत तक करीब 7,000 रुपये की रिकवरी हुई, फिर भी बाजार पूरी तरह संभल नहीं पाया।

चांदी की कीमतों में गिरावट का असर सिल्वर ETF पर भी साफ दिखा। इंडियन सिल्वर एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स में 20 फीसदी तक की भारी गिरावट दर्ज की गई। निप्पॉन इंडिया सिल्वर ETF, ICICI प्रूडेंशियल सिल्वर ETF और कोटक सिल्वर ETF जैसे प्रमुख फंड्स अपने इंडिकेटिव नेट एसेट वैल्यू से नीचे फिसल गए। एक्सपर्ट्स का मानना है कि कीमती धातुओं में बढ़ी अस्थिरता के चलते निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिससे ETF में इतनी तेज गिरावट देखने को मिली।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो मार्च डिलीवरी वाली चांदी की कीमत 1.79 फीसदी गिरकर 92.94 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस पर बंद हुई। वहीं घरेलू MCX पर मार्च की चांदी 1.60 फीसदी की गिरावट के साथ 3,18,492 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। जानकारों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी को 84 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस के आसपास मजबूत सपोर्ट मिल सकता है, जबकि 94.60 से 96.80 डॉलर के स्तर पर रुकावट देखने को मिल सकती है।

MCX पर चांदी के लिए 3,14,000 से 3,06,000 रुपये प्रति किलो का सपोर्ट लेवल माना जा रहा है, जबकि 3,24,000 से 3,28,000 रुपये के बीच रेजिस्टेंस बना हुआ है। अगर कीमत 3,15,000 रुपये के ऊपर टिकती है, तो दोबारा तेजी लौट सकती है और भाव 3,35,000 से 3,50,000 रुपये तक जा सकते हैं। लेकिन अगर चांदी 3,00,000 रुपये के नीचे फिसलती है, तो गिरावट और गहरी होकर 2,90,000 से 2,80,000 रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!