अब आवेदन किए बिना भी मिलेगा CGHS कार्ड, स्वास्थ्य मंत्रालय का नया निर्देश
अगर आप एक केंद्रीय कर्मचारी हैं तो आपके लिए यह खबर राहत भरी हो सकती है। हाल ही में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS) को लेकर एक अहम फैसला लिया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि जिन कर्मचारियों के मासिक वेतन से CGHS में योगदान की राशि स्वतः कट रही है, वे ऑटोमैटिक रूप से CGHS सर्विस कार्ड के पात्र माने जाएंगे, चाहे उन्होंने इसके लिए आवेदन किया हो या नहीं। मंत्रालय का मानना है कि केवल आवेदन न करने की वजह से किसी भी कर्मचारी को इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा से वंचित करना अनुचित है।
वर्तमान में कई केंद्रीय कर्मचारी योगदान तो दे रहे हैं लेकिन वे CGHS कार्ड के लिए आवेदन नहीं कर पाते, जिससे उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाता। इस स्थिति को देखते हुए मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि CGHS कार्ड ऐसे कर्मचारियों को स्वतः जारी किया जाए। यह कदम सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र कर्मचारी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रह जाए। चूंकि CGHS एक अनिवार्य स्वास्थ्य योजना है, और जिनका आवास CGHS डिस्पेंसरी क्षेत्र में आता है, उनकी सैलरी से योगदान की कटौती स्वतः शुरू हो जाती है। ऐसे में यह अपेक्षा करना कि वे अलग से आवेदन करें, मंत्रालय ने अनुचित माना है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी प्रशासनिक शाखाओं को यह निर्देश भी दिया है कि वे संबंधित कर्मचारियों को CGHS कार्ड समय पर और स्वतः उपलब्ध कराएं ताकि योजना का अधिकतम लाभ बिना किसी रुकावट के मिल सके।
Share this content:
