April 26, 2026

कान्स 2025 में साड़ी की सनसनी: जब आलिया भट्ट ने रेड कारपेट पर रच दिया इतिहास

रेड कारपेट पर कैमरे चमक रहे थे, हर किसी की निगाहें उस एक चेहरे को ढूंढ रही थीं, जिसका जलवा पहले ही दिन से सुर्खियों में था। अचानक एक परछाईं सी उभरी… और जब वो चेहरा सामने आया, तो हर किसी की सांस थम गई। ये कोई और नहीं, बल्कि कपूर खानदान की बहू, बॉलीवुड की चमकती अदाकारा, आलिया भट्ट थीं। लेकिन इस बार बात केवल खूबसूरती की नहीं थी—इस बार उन्होंने इतिहास रच दिया था।

जालीदार साड़ी में आलिया का कमाल
कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 के अंतिम दिन आलिया भट्ट ने ऐसा अंदाज़ दिखाया जिसे भुला पाना आसान नहीं होगा। जहाँ पहले दिन उन्होंने ऑफ-शोल्डर ग्लैमरस गाउन में सबका ध्यान खींचा था, वहीं दूसरे दिन उनका लुक एकदम अलग और बेहद खास था—एक ट्रांसपेरेंट जालीदार साड़ी जिसमें Swarovksi क्रिस्टल्स की चमक समाई हुई थी।

लेकिन यह सिर्फ एक साड़ी नहीं थी, यह एक स्टेटमेंट थी। यह साड़ी डिजाइन की थी विश्वप्रसिद्ध फैशन ब्रैंड Gucci ने, और सबसे बड़ी बात यह रही कि आलिया भट्ट इस ब्रैंड की पहली भारतीय महिला ब्रांड एंबेसडर हैं। यही वजह थी कि उन्होंने इस ब्रैंड की पहली साड़ी पहनकर Cannes के रेड कारपेट पर कदम रखकर फैशन इतिहास में अपना नाम दर्ज करवा दिया।

लुक की हर परत में था क्लास और कॉन्फिडेंस
यह साड़ी एक तरह से फैब्रिक-लेस थी—सिर्फ Swarovski क्रिस्टल्स से बनी हुई, जिसके नीचे स्किन टोन इनर लगाया गया था। इस स्टाइल को और भी आकर्षक बनाने के लिए आलिया ने सिंगल लेयर डायमंड नेकलेस और इयररिंग्स का इस्तेमाल किया। बालों को सॉफ्ट वेव में खुले छोड़ा गया और मेकअप बिल्कुल नेचुरल रखा गया—सिर्फ हल्का काजल, जो उनके पूरे लुक को कम्प्लीट कर रहा था।

रिया कपूर की स्टाइलिंग और सोशल मीडिया पर वाहवाही
इस पूरे लुक को स्टाइल किया था रिया कपूर ने, जो पहले भी बॉलीवुड सितारों के लिए कई शानदार लुक्स तैयार कर चुकी हैं। जान्हवी कपूर का Cannes डेब्यू भी इसी साल हुआ और उनकी स्टाइलिंग भी रिया कपूर ने ही की थी।

जैसे ही आलिया की ये तस्वीरें सामने आईं, सोशल मीडिया पर उनका लुक वायरल हो गया। फैंस से लेकर फैशन एक्सपर्ट्स तक, हर कोई इस जालीदार साड़ी और आलिया के आत्मविश्वास से भरे अंदाज़ की तारीफ करता नहीं थक रहा।

गूची और ग्लोरी का संगम
पहले दिन के सिंपल गाउन लुक के बाद जब उन्होंने इस बेहद यूनिक और बोल्ड साड़ी को पहना, तो वह सिर्फ रेड कारपेट पर नहीं चलीं—बल्कि इतिहास के पन्नों में एक खास मुकाम बना गईं। गूची की पहली साड़ी पहनने का सम्मान पाकर उन्होंने न केवल भारतीय पहनावे को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाया, बल्कि एक नये फैशन अध्याय की भी शुरुआत कर दी।

कान्स 2025 में आलिया भट्ट की ये उपस्थिति सिर्फ एक अदाकारा का फैशन शो नहीं था, बल्कि यह भारतीय परिधान, आधुनिक डिज़ाइन और वैश्विक पहचान का एक संगम था। उन्होंने यह दिखा दिया कि ग्लैमर सिर्फ चमक-धमक में नहीं, बल्कि पहचान और परंपरा को गर्व से पहनने में भी होता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!