May 9, 2026

कैलिफोर्निया: भारतीय छात्र श्रीनिवासैया 5 दिन से लापता, संसद में ओवैसी ने उठाया सवाल

अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय छात्र श्रीनिवासैया का पांचवां दिन भी लापता रहने के बाद परिजनों और मित्रों में चिंता बढ़ती जा रही है। आईआईटी मद्रास के पूर्व छात्र और वर्तमान में बर्कले यूनिवर्सिटी में मास्टर्स कर रहे श्रीनिवासैया के न मिलने से पुलिस, स्थानीय प्रशासन और वॉलिंटियर मिलकर उनकी तलाश में जुटे हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी खोज तेज है, जहां लोगों ने रेडिट और अन्य प्लेटफॉर्म पर सर्च टीमों और जानकारी साझा करने की अपील की है।

श्रीनिवासैया मूल रूप से बेंगलुरु के रहने वाले हैं और उन्होंने वहां के श्री वाणी एजुकेशन सेंटर से स्कूलिंग पूरी की थी। इसके बाद आईआईटी मद्रास से ग्रेजुएशन किया और आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए। परिचित उनके तेज दिमाग, वफादारी और शानदार व्यक्तित्व की तारीफ कर रहे हैं। उनकी फिजिकल अपीयरेंस की बात करें तो वह करीब छह फीट लंबे और अच्छी कद-काठी के हैं। दोस्तों और सहकर्मियों ने उन्हें लिंक्डइन पर “ब्रिलियंट और हम्बल” बताते हुए उनके चरित्र की पुष्टि की है।

विदेश में पढ़ रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा का मुद्दा संसद तक पहुंच चुका है। हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने लोकसभा में सवाल उठाया कि सरकार विदेशी देशों में पढ़ रहे छात्रों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठा रही है। इस पर विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया कि भारतीय मिशन और पोस्ट लगातार छात्रों के संपर्क में रहते हैं। उन्हें ओरिएंटेशन सत्रों के माध्यम से विदेश में पढ़ाई के दौरान आने वाले जोखिम, सुरक्षा और सावधानियों के बारे में जानकारी दी जाती है, साथ ही एडवाइजरी भी जारी की जाती है।

श्रीनिवासैया के लापता होने की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर सर्च अभियान शुरू हो गया। रेडिट पर बनाई गई थ्रेड में लोग उन्हें ढूंढने में मदद कर रहे हैं। स्थानीय वॉलिंटियर्स नावों के साथ लेक अंजा इलाके में खोज अभियान चला रहे हैं, जबकि कुछ लोग अपने कुत्तों के साथ सुबह-सुबह सर्च टीम में शामिल हो रहे हैं।

पांच दिन से लगातार जारी यह खोज अब समुदाय और प्रशासन दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण बन गई है। परिजन और मित्र लगातार सोशल मीडिया के जरिए मदद मांग रहे हैं, जबकि पुलिस प्रशासन हर संभव उपाय कर रहे हैं। इस बीच यह मामला छात्रों की सुरक्षा और विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर नई बहस भी छेड़ रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!