देश की पहली बुलेट ट्रेन पर बड़ा अपडेट, रेल मंत्री ने बता दी डेडलाइन
भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को जानकारी दी कि सूरत-बिलिमोरा के बीच का पहला खंड 2027 तक शुरू कर दिया जाएगा, जबकि पूरी मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल लाइन 2029 तक चालू हो जाएगी। यह परियोजना भारत के रेल नेटवर्क में एक ऐतिहासिक बदलाव लाने वाली है, क्योंकि इसके शुरू हो जाने के बाद मुंबई से अहमदाबाद की दूरी सिर्फ 2 घंटे 7 मिनट में पूरी हो सकेगी।
रेल मंत्री ने सूरत स्टेशन का दौरा किया और वहां निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ट्रैक बिछाने और पहला टर्नआउट लगाने का काम तेजी से चल रहा है। वैष्णव के मुताबिक, 2027 तक सूरत-बिलिमोरा खंड शुरू हो जाएगा, 2028 में ठाणे-अहमदाबाद खंड चालू होगा और 2029 तक पूरी लाइन आम जनता के लिए उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट की प्रगति बेहद संतोषजनक है और इसमें आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि मेन लाइन 320 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड के लिए डिज़ाइन की गई है, जबकि लूप लाइन पर ट्रेनें 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। सुरक्षा के लिहाज से भी इसमें अत्याधुनिक सिस्टम लगाए जा रहे हैं। वाइब्रेशन को कम करने वाले उपकरण, तेज हवाओं और भूकंप से सुरक्षा देने वाली तकनीकें इसमें शामिल की गई हैं। इससे न केवल यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा बल्कि जोखिम भी कम होगा।
सूरत स्टेशन का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। यहां यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्टेशन पर वेटिंग लाउंज, नर्सरी, शौचालय, रिटेल शॉप्स, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाएं होंगी। खासतौर पर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और छोटे बच्चों वाले परिवारों को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों को आसानी से जानकारी देने के लिए डिजिटल कियोस्क, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और स्पष्ट साइनबोर्ड लगाए जाएंगे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह भी कहा कि बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट कॉरिडोर के आसपास के शहरों को आर्थिक रूप से जोड़ेगा और क्षेत्रीय विकास को गति देगा। जापान जैसे देशों में हाई-स्पीड रेल ने जिस तरह स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है, वैसा ही असर भारत में भी देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी जिक्र किया कि बीजेपी के मेनिफेस्टो में बताए गए चार और बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की प्लानिंग पर काम शुरू हो चुका है। इससे आने वाले समय में भारत का रेल नेटवर्क और भी हाई-टेक और सुविधाजनक हो जाएगा।
Share this content:
