BRICS में शामिल होने की कोशिश, फिलिस्तीन ने किया सदस्यता के लिए आवेदन, चीन ने दिया समर्थन

अंतरराष्ट्रीय पर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश में फिलिस्तीन ने अब BRICS देशों के समूह में शामिल होने के लिए औपचारिक आवेदन किया है। BRICS दुनिया की पांच तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं का संगठन है, जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। 2024 और 2025 में इस संगठन का विस्तार हुआ, जिसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया जैसे देश भी इसका हिस्सा बने। अब फिलिस्तीन समेत कई अन्य देश BRICS में सदस्यता की इच्छा जता रहे हैं।

 

रूस में फिलिस्तीनी राजदूत अब्देल हफीज नोफाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि फिलहाल फिलिस्तीन अतिथि सदस्य के तौर पर BRICS से जुड़ सकता है। उनका मानना है कि धीरे-धीरे यह प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और फिलिस्तीन पूर्ण सदस्यता की ओर कदम बढ़ाएगा। नोफाल ने रूसी मीडिया से बातचीत में कहा कि शुरुआत अतिथि सदस्य के रूप में होगी, लेकिन लक्ष्य BRICS की स्थायी सदस्यता हासिल करना है।

 

फिलिस्तीन के आवेदन पर चीन ने सकारात्मक रुख अपनाया है। बीजिंग में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि BRICS उभरती अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों के बीच सहयोग का अहम मंच है। उन्होंने कहा कि यह संगठन अंतरराष्ट्रीय संबंधों में लोकतंत्र और संतुलन को बढ़ावा देने का बड़ा जरिया है। चीन का यह रुख फिलिस्तीन के लिए कूटनीतिक राहत के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि यह उसे वैश्विक दक्षिण के देशों का और मजबूत समर्थन दिला सकता है।

 

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी फिलिस्तीन को हाल ही में कई देशों से समर्थन मिला है। कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, पुर्तगाल और ब्रिटेन जैसे देशों ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान फिलिस्तीन को स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता दी। हालांकि, इस कदम का इजराइल ने कड़ा विरोध किया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने महासभा में स्पष्ट कहा कि इजराइल किसी भी हाल में “आतंकी राष्ट्र” को स्वीकार नहीं करेगा।

 

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर फिलिस्तीन BRICS में शामिल होता है तो यह उसके लिए वैश्विक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि होगी। इससे उसे न केवल राजनीतिक और कूटनीतिक मजबूती मिलेगी बल्कि आर्थिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रतिनिधित्व भी बढ़ेगा। फिलहाल, दुनिया की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि BRICS सदस्य देश फिलिस्तीन के आवेदन पर आगे क्या रुख अपनाते हैं।

 

Share this content:

About The Author

You may have missed