5 शादियों के बावजूद नहीं मिला सच्चा प्यार, बॉलीवुड के इस विलेन की लाश तीन दिन तक घर में सड़ती रही
बॉलीवुड में जितनी शोहरत हीरो को मिलती है, उतना ही क्रेज दर्शकों में विलेन के लिए भी होता है। कुछ ऐसे किरदार होते हैं जो अपने खौफनाक अंदाज से दर्शकों के दिलों में छाप छोड़ जाते हैं, लेकिन उनकी असल ज़िंदगी पर्दे से कहीं ज्यादा दुखद और हैरान कर देने वाली होती है। ऐसा ही एक नाम है महेश आनंद का, जिन्होंने फिल्मों में भले ही साइड रोल या निगेटिव किरदार निभाए, लेकिन अपने अभिनय से हर किसी को प्रभावित किया। महेश आनंद की जिंदगी ग्लैमर से भरी तो थी, लेकिन सच्चे प्यार और सम्मान से खाली रही।
महेश आनंद का फिल्मी करियर एक डांसर के तौर पर शुरू हुआ था। उन्होंने कई फिल्मों में बैकग्राउंड डांसर के तौर पर काम किया और 1984 में फिल्म ‘करिश्मा’ से बतौर एक्टर डेब्यू किया। उन्हें ज्यादातर ग्रे या निगेटिव शेड वाले किरदारों के लिए कास्ट किया गया और उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। फिर भी करियर के अंतिम पड़ाव में वह गुमनामी और तंगहाली का शिकार हो गए। आखिरी बार उन्हें गोविंदा की फिल्म ‘रंगीला राजा’ में देखा गया था। एक वक्त ऐसा भी आया जब उनके पास पानी खरीदने तक के पैसे नहीं बचे थे।
महेश आनंद की निजी जिंदगी भी विवादों और अकेलेपन से भरी रही। उन्होंने पांच बार शादी की, लेकिन किसी भी रिश्ते में उन्हें स्थायित्व या सच्चा प्यार नहीं मिला। उनकी पहली शादी एक्ट्रेस रीना रॉय की बहन बरखा रॉय से हुई थी। दूसरी शादी मिस इंडिया इंटरनेशनल मारिया एरिका डिसूजा से की। इसके बाद 1992 में मधु मल्होत्रा से तीसरी और फिर 2000 में एक्ट्रेस उषा बाचानी से चौथी शादी की। उनकी पांचवीं पत्नी एक रूसी महिला लाना थीं। मगर इन सभी रिश्तों के बावजूद वह तन्हा ही रहे।
महेश आनंद का अंत भी बेहद दर्दनाक रहा। काम की कमी और निजी जीवन की निराशा ने उन्हें शराब की लत में धकेल दिया। 2019 में उनका निधन हो गया, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उनकी लाश तीन दिन तक उनके घर में पड़ी रही और किसी को खबर तक नहीं लगी। जब उनकी बॉडी मिली, तब तक वह सड़ चुकी थी। ये वही शख्स था जो एक वक्त में बड़े-बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर करता था, लेकिन आखिर में अकेलेपन और बेबसी के बीच इस दुनिया को अलविदा कह गया।
Share this content:
