April 20, 2026

जल्द हो सकता है भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान, मनोहर लाल खट्टर सबसे आगे

भाजपा में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और संभावना है कि अप्रैल के अंत तक पार्टी इस संबंध में औपचारिक ऐलान कर सकती है। मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी के तौर पर जिन नामों की चर्चा जोरों पर है, उनमें केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इसके अलावा मोदी सरकार में मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव भी इस दौड़ में शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष के नाम पर अंतिम निर्णय लेने से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सलाह भी ली जाएगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा से पहले भाजपा यूपी, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में भी अपने अध्यक्षों की नियुक्ति कर सकती है। इन राज्यों के अध्यक्षों की घोषणा 25 अप्रैल तक हो सकती है, जिसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन और फिर औपचारिक चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मनोहर लाल खट्टर को लेकर सहमति बनने की संभावना सबसे ज्यादा मानी जा रही है, क्योंकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाते हैं और लंबे समय तक आरएसएस प्रचारक के रूप में कार्य कर चुके हैं। संगठन और विचारधारा की गहरी समझ के कारण आरएसएस को भी उनके नाम पर आपत्ति नहीं होगी।

हालांकि, धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव भी संभावित नामों में हैं, लेकिन खट्टर की संगठनात्मक पकड़ और प्रधानमंत्री मोदी के साथ पुराने संबंध उन्हें अन्य दावेदारों पर बढ़त दिलाते हैं। पार्टी में महासचिव पद पर भी नए चेहरों की एंट्री हो सकती है। इसमें वे नेता शामिल हो सकते हैं जो पहले मंत्री या मुख्यमंत्री रह चुके हैं लेकिन फिलहाल कोई सक्रिय पद नहीं संभाल रहे हैं।

इसके अलावा, कैबिनेट विस्तार को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। एनडीए में शामिल सहयोगी दलों की मांग है कि कैबिनेट में उन्हें प्रतिनिधित्व दिया जाए। इस क्रम में बिहार चुनाव से पहले उपेंद्र कुशवाहा को मंत्री बनाया जा सकता है। महाराष्ट्र से एकनाथ शिंदे की पार्टी को भी प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है, जो वर्तमान में डिप्टी सीएम हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के एक साल पूरे होने पर कैबिनेट विस्तार की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!