April 30, 2026

Bihar News: दूल्हे ने दुल्हन को देखकर कहा गंवार, फैशन सेंस न होने पर टूटे रिश्ते

बिहार। राज्य महिला आयोग में पिछले कुछ महीनों में अजीबो-गरीब शादी के मामले सामने आए हैं, जिनमें लड़कियों की शादी सिर्फ इस कारण टूट गई कि उन्हें “लेटेस्ट फैशन सेंस” नहीं था। कुछ दूल्हों ने लड़की को चप्पल और पारंपरिक दुपट्टा पहनकर मिलने पर गंवार बता कर रिश्ता तोड़ दिया। ऐसे मामलों से न सिर्फ परिवारों की भावनाएं आहत हुईं, बल्कि लाखों रुपये खर्च होने के बाद रिश्ता टूटने की घटनाएं समाज में चर्चा का विषय बन गई हैं।

महिला आयोग के अनुसार, पिछले 3 महीनों में पटना और अन्य जिलों से लगभग 30 से अधिक ऐसे मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में लड़की वाले पहले ही इंगेजमेंट और उपहारों पर लाखों रुपये खर्च कर चुके थे। जब रिश्ता टूटने का कारण पूछा गया, तो लड़के ने लड़की की फैशन समझ न होने को बताकर शादी से इनकार कर दिया। कई मामलों में लड़के वालों ने शादी तय करने से पहले छोटी-छोटी चीजों को लेकर लड़की को गंवार समझा और रिश्ता तोड़ दिया।

पटन के दानापुर की स्वाति और पुनपुन की नेहा के मामले इस प्रवृत्ति का उदाहरण हैं। स्वाति चप्पल पहनकर मिलने गई थीं, तो लड़के ने शादी तोड़ दी। नेहा पारंपरिक सलवार सूट और दुपट्टा सिर पर ओढ़ कर गईं, जिसके बाद लड़के ने उन्हें गंवार कह कर शादी से इनकार कर दिया। ऐसे मामलों में लड़की वालों ने महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया और आयोग ने दोनों पक्षों को बुलाकर रिश्तों को जोड़ने की कोशिश की।

महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने बताया कि पहले शिकायतें शादी के बाद रिश्ते टूटने की आती थीं, लेकिन अब कुछ महीनों में शादी तय होने से पहले ही कई केस सामने आ रहे हैं। लड़के, खासकर युवा पीढ़ी, छोटी-छोटी खामियों को देखकर रिश्ता तय करने से इनकार कर रहे हैं। आयोग का कहना है कि यह प्रवृत्ति समाज में असमान सोच और आधुनिकता के दबाव को दर्शाती है, जो पारंपरिक रीति-रिवाज और सम्मान की भावना को प्रभावित कर रही है।

इन घटनाओं ने यह सवाल उठाया है कि क्या फैशन सेंस जैसी बाहरी चीजें किसी रिश्ते की बुनियाद बन सकती हैं। महिला आयोग अब परिवारों और समाज को जागरूक कर रहा है कि शादी और रिश्ते सिर्फ बाहरी दिखावे पर नहीं, बल्कि इंसान की सोच, संस्कार और व्यवहार पर आधारित होने चाहिए।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!