April 17, 2026

बिहार में वोट चोरी का आरोप: राहुल गांधी बोले – “ये सिर्फ़ घोटाला नहीं, संविधान से धोखा है”

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनावी गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए वोट चोरी को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि यह सिर्फ एक चुनावी घोटाला नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र के साथ एक बड़ा धोखा है। राहुल गांधी ने सीधे तौर पर चुनाव आयोग और बीजेपी पर मिलकर चुनावों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया और इसके लिए बाकायदा सबूत भी पेश किए।

 

राहुल ने बिहार में वोटर लिस्ट रीविजन (SIR) को लेकर कहा कि यह “Institutionalised चोरी” है। उनका कहना है कि चुनाव आयोग जानता है कि उनकी पोल खुल चुकी है, इसी वजह से अब SIR लागू किया गया है। राहुल का दावा है कि SIR का मकसद गरीबों और विपक्षी मतदाताओं के वोट काटना है। उन्होंने कहा कि “हमने इस चोरी को पकड़ने के लिए 6 महीने तक एक सीट पर मेहनत की है, और इससे हमें वोटिंग पैटर्न में गड़बड़ियों के सबूत मिले हैं।”

 

राहुल गांधी ने पांच तरीकों की वोट चोरी का खुलासा किया – डुप्लिकेट वोटर (11,965), फर्जी एड्रेस (40,009), एक ही पते पर कई वोटर (10,452), अमान्य फोटो (4,132), और फॉर्म 6 का गलत इस्तेमाल (33,692)। उन्होंने कहा कि एक निर्वाचन क्षेत्र में 6,59,826 वोटरों में से लगभग एक लाख वोट फर्जी पाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि लोकसभा चुनावों में बीजेपी को 10–15 सीटें कम मिलतीं, तो आज नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं होते।

 

राहुल ने दावा किया कि चुनाव आयोग डिजिटल डाटा नहीं देता, जिससे गड़बड़ियों की पड़ताल मुश्किल होती है। अगर डिजिटल डाटा मिलता, तो पूरे देश की जांच 15 मिनट में की जा सकती थी। उन्होंने महाराष्ट्र चुनावों में भी इसी तरह की गड़बड़ियों का हवाला दिया, जहां विधानसभा और लोकसभा के बीच अचानक नए वोटर जुड़ते हैं, और हर बार वोट बीजेपी को ही जाता है।

 

राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश के गुनहगार सुन लें – वक्त बदलेगा, और सजा जरूर मिलेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यह सब देश के खिलाफ किया जा रहा है, और जब वक्त आएगा तो इन सबका हिसाब होगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!