April 17, 2026

बिहार SIR पर संसद में भारी हंगामा, विपक्ष ने लगाए ‘वोट चोरी बंद करो’ के नारे

संसद के मॉनसून सत्र के दौरान बिहार की मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर विपक्ष ने दोनों सदनों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राज्यसभा और लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने इस मुद्दे पर तुरंत चर्चा की मांग की, जिसे अस्वीकार कर दिया गया। इसके बाद सदन में ‘वोट चोरी बंद करो’ जैसे नारे लगने लगे और स्थिति इतनी बिगड़ी कि दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।

राज्यसभा में उपसभापति हरिवंश ने जब विपक्ष की चर्चा की मांग को ठुकरा दिया, तो विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। उपसभापति ने इसे संसदीय मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और यह मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने सभी सांसदों से नियमों का पालन करने की अपील की।

लोकसभा में भी हालात कुछ अलग नहीं रहे। जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सांसदों ने शोरगुल और नारेबाजी शुरू कर दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि इस तरह का व्यवहार जनता के विश्वास के खिलाफ है और यह सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाता है। उन्होंने कार्यवाही कुछ ही मिनट में स्थगित कर दी।

इस बीच कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में SIR पर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया, जबकि डीएमके सांसद तिरुचि शिवा ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत कार्य स्थगन की मांग की। साथ ही, इंडिया गठबंधन के सांसदों ने संसद भवन परिसर में मकर द्वार के सामने प्रदर्शन कर SIR पर बहस कराने की मांग की।

विपक्ष का यह विरोध ऐसे समय में हो रहा है जब चुनाव आयोग बिहार की मतदाता सूची का मसौदा जारी कर रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि 1 अगस्त को सभी 38 जिलों के निर्वाचन अधिकारियों द्वारा मान्यता प्राप्त दलों को सूची की भौतिक और डिजिटल प्रतियां दी जाएंगी। विपक्ष का आरोप है कि SIR की आड़ में मतदाता सूची में हेराफेरी की जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!