बिहार की छात्रा की लाश यूपी में मिली: मैरवा से लापता हुई 13 वर्षीय खुशी की संदिग्ध हालात में मौत, अपहरण और हत्या की आशंका
मैरवा, बिहार / सोहनपुर, उत्तर प्रदेश
बिहार के मैरवा में स्थित बड़गांव स्कूल से बुधवार को गायब हुई 13 वर्षीय छात्रा खुशी कुमारी की लाश उत्तर प्रदेश के सोहनपुर इलाके में संदिग्ध परिस्थिति में बरामद की गई है। किशोरी की हत्या की आशंका जताई जा रही है। यूपी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तहकीकात जारी है।
खुशी कुमारी मूल रूप से उपाध्याछापर की निवासी थी, लेकिन अपने माता-पिता के निधन के बाद वह बड़गांव में अपनी बुआ के साथ रह रही थी। बुधवार को वह स्कूल गई थी, लेकिन वहां से घर नहीं लौटी। गुरुवार को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मैरवा थाने में दर्ज कराई। जांच में पता चला कि खुशी स्कूल में अपना बैग छोड़कर “पानी पीने” के बहाने बाहर निकली थी और फिर लौटकर नहीं आई।
गुरुवार देर शाम यूपी के सोहनपुर के पास सड़क किनारे एक किशोरी का शव मिलने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान खुशी के रूप में की। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार को सौंप दिया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस बीच, स्कूल के पास दो नकाबपोश युवकों को देखे जाने और उन्हें खुशी का “रिश्तेदार” बताने की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों ने बताया कि इन युवकों को बाइक पर स्कूल के बाहर देखा गया था। यह भी संदेह जताया जा रहा है कि उन्हीं में से किसी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए यूपी और बिहार दोनों राज्यों की पुलिस इस केस की गहराई से जांच कर रही हैं। यूपी पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए हैं, वहीं बिहार पुलिस ने बड़गांव में बच्ची के बुआ के घर जाकर पूछताछ की है।
स्कूल की भूमिका पर भी उठे सवाल
खुशी का स्कूल से बैग छोड़कर जाना और किसी शिक्षक द्वारा इसे न रोका जाना, खुद एक बड़ा सवाल बन गया है। इस मामले में स्कूल प्रशासन की लापरवाही को लेकर परिजन और स्थानीय लोग नाराज हैं।
Share this content:
