अचानक भूख कम होना हो सकता है गंभीर बीमारी का संकेत, जानें कारण, बचाव और कब दिखाएं डॉक्टर
अचानक भूख कम लगना अक्सर लोग सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह शरीर के अंदर चल रही किसी गंभीर समस्या का संकेत भी हो सकता है। भूख शरीर की ऊर्जा जरूरतों और आंतरिक संतुलन का संकेत होती है। जब बिना किसी स्पष्ट कारण के लंबे समय तक भूख कम महसूस होने लगे तो इसका असर शरीर की ताकत, इम्यूनिटी और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार इस स्थिति को हल्के में लेने की बजाय समय रहते इसके कारणों को समझना जरूरी है।
लगातार कम भोजन करने से शरीर में कमजोरी, चक्कर, चिड़चिड़ापन और काम में ध्यान न लगने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। लंबे समय तक भूख कम रहने से वजन तेजी से घट सकता है और शरीर में पोषण की कमी हो सकती है। इसका असर त्वचा, बालों और नींद की गुणवत्ता पर भी दिखाई देता है। कई लोगों को बिना वजह थकान और सुस्ती महसूस होने लगती है, जिससे रोजमर्रा के काम करना भी मुश्किल हो सकता है।
राम मनोहर लोहिया अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार लगातार भूख कम लगना कई बार किसी अंदरूनी बीमारी का संकेत हो सकता है। पाचन तंत्र से जुड़ी समस्याएं जैसे गैस, एसिडिटी या पेट में सूजन भूख को प्रभावित कर सकती हैं। इसके अलावा थायरॉइड की गड़बड़ी, एनीमिया, लीवर या किडनी से जुड़ी बीमारी, लंबे समय तक रहने वाला संक्रमण और हार्मोनल असंतुलन भी इसके कारण हो सकते हैं। मानसिक कारण जैसे तनाव, डिप्रेशन और एंग्जायटी भी भूख को कम कर देते हैं।
भूख को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित समय पर भोजन करना जरूरी है। ताजा और पौष्टिक भोजन जैसे फल, सब्जियां और प्रोटीन युक्त आहार को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए। ज्यादा तला-भुना और जंक फूड से बचना, पर्याप्त पानी पीना और पूरी नींद लेना भी पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करता है। नियमित हल्का व्यायाम, टहलना, योग और ध्यान जैसी गतिविधियां भी भूख बढ़ाने और मानसिक तनाव कम करने में सहायक होती हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि भूख कम लगने की समस्या दो से तीन सप्ताह से अधिक समय तक बनी रहे, वजन तेजी से घटने लगे, लगातार कमजोरी या चक्कर महसूस हो या भोजन के बाद उल्टी जैसा लगे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। समय पर जांच और सही इलाज से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है और शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है।
Share this content:
